एपल ने साल 2026 के अपने पहले बड़े इवेंट की घोषणा कर दी है। इसमें कंपनी अपना अब तक का सबसे सस्ता मैकबुक, नया बजट आईफोन 17e और कई नए आईपैड पेश कर सकती है। यह इवेंट 4 मार्च को भारतीय समयानुसार रात करीब 7:30 बजे शुरू होगा। 1. सबसे सस्ता मैकबुक: आईफोन वाली चिप और ब्राइट कलर्स रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल पहली बार मैकबुक में अपनी ‘M’ सीरीज की जगह आईफोन में इस्तेमाल होने वाली ‘A’ सीरीज (A18 Pro) चिप दे सकता है। इसे खासतौर पर स्टूडेंट्स और ऑफिस यूजर्स के लिए तैयार किया गया है। इसकी कीमत 70 से 80 हजार रुपए के बीच हो सकती है। कंपनी ने न्यूयॉर्क में हो रहे इस इवेंट के जो इन्विटेशन कार्ड भेजे हैं उसमें एपल का लोगो पीले, हरे और नीले रंग में रखा है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि नया लैपटॉप कई ब्राइट कलर्स में आएगा। 2. आईफोन 17e: बजट सेगमेंट में नया फोन लॉन्च होने की उम्मीद एपल अपने बजट आईफोन लाइनअप को अपडेट करते हुए आईफोन 17e लॉन्च कर सकती है। इसमें आईफोन 17 वाली ही A19 चिप मिलने की उम्मीद है, जो पुराने मॉडल के मुकाबले काफी तेज होगी। 3. नए आईपैड और डिस्प्ले: M4 चिप के साथ पेश होने की उम्मीद आईपैड लवर्स के लिए भी इस इवेंट में काफी कुछ हो सकता है। कंपनी आईपैड एयर को M4 चिप के साथ अपडेट कर सकती है। इसके अलावा 12वीं जनरेशन का बेस मॉडल आईपैड भी पेश किया जा सकता है, जिसमें पहली बार ‘एपल इंटेलिजेंस’ (AI) का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। साथ ही काफी समय से पेंडिंग ‘स्टूडियो डिस्प्ले’ का नया वर्जन भी पेश हो सकता है। 4. एपल इंटेलिजेंस: सिरी पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट होगी उम्मीद है कि कंपनी सिरी के नए AI अवतार की झलक दिखाएगी। नई सिरी पहले से ज्यादा स्मार्ट होगी और यूजर्स के सवालों के बेहतर जवाब दे पाएगी। एपल इसे अपनी ‘एप्पल इंटेलिजेंस’ सर्विस के तहत प्रमोट कर रहा है, जो आईफोन और मैक के इस्तेमाल को काफी आसान बना देगा। न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई में एक साथ इवेंट एपल ने इस बार इवेंट का फॉरमेट थोड़ा अलग रखा है। न्यूयॉर्क के मुख्य इवेंट के साथ-साथ लंदन और शंघाई में भी प्रेस के लिए प्रोग्राम रखे गए हैं। इसे ‘इवेंट’ की जगह ‘एक्सपीरियंस’ नाम दिया गया है, जिसका मतलब है कि वहां मौजूद लोग तुरंत नए गैजेट्स को हाथों में लेकर टेस्ट कर सकेंगे। नॉलेज बॉक्स: क्या आप जानते हैं? एपल का न्यूयॉर्क कनेक्शन: एपल ने अपना पहला रिटेल स्टोर न्यूयॉर्क के फिफ्थ एवेन्यू में खोला था, जो आज दुनिया के सबसे मशहूर स्टोर्स में से एक है। A-सीरीज बनाम M-सीरीज: लैपटॉप में आईफोन वाली चिप लगाने से बैटरी लाइफ तो बढ़ती है, लेकिन बहुत भारी काम (जैसे 4K वीडियो एडिटिंग) में यह M-सीरीज जितनी पावरफुल नहीं।
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.