Indian Export- दिसंबर में भारत के आयात में उछाल आया है. आयात में आई इस तेजी के कारण दिसंबर महीने में व्यापार घाटा (Trade Deficit) 25 अरब अमेरिकी डॉलर दर्ज किया गया.
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के अनुसार, दिसंबर 2025 में भारत का सामान निर्यात (Merchandise Export) 1.87 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 38.5 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है. यह वृद्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वैश्विक मांग में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बनी हुई है. चालू वित्त वर्ष (2025-26) के पहले नौ महीनों (अप्रैल से दिसंबर) की बात करें, तो कुल निर्यात 2.44 प्रतिशत बढ़कर 330.29 अरब अमेरिकी डॉलर रहा है.
आयात और व्यापार घाटे की स्थिति
निर्यात में वृद्धि के साथ-साथ देश के आयात (Import) बिल में भी इजाफा देखा गया है. आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2025 में आयात बढ़कर 63.55 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने (दिसंबर 2024) में यह 58.43 अरब डॉलर था. आयात में आई इस तेजी के कारण दिसंबर महीने में व्यापार घाटा (Trade Deficit) 25 अरब अमेरिकी डॉलर दर्ज किया गया. कच्चे तेल और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की मांग आयात बढ़ने के मुख्य कारणों में शामिल रही है.
₹850 अरब डॉलर के कुल निर्यात का लक्ष्य
वाणिज्य सचिव ने भविष्य के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत दिए हैं. उन्होंने अनुमान जताया कि मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक भारत का कुल सामान और सेवाओं (Goods and Services) का निर्यात 850 अरब डॉलर के पार जा सकता है. सरकार का मानना है कि ग्लोबल लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन में हो रहे सुधारों का सीधा लाभ भारतीय कंपनियों को मिल रहा है, जिससे आगामी तिमाहियों में निर्यात का आंकड़ा और भी बेहतर होने की उम्मीद है.
आईफोन का निर्यात भी बढा
सरकार की उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के चलते भारत के स्मार्टफोन निर्यात में बड़ी बढ़त देखने को मिली है. साल 2025 में भारत से स्मार्टफोन का निर्यात करीब 30 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है. आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 का यह निर्यात पिछले पांच वर्षों में हुए कुल स्मार्टफोन निर्यात का करीब 38 प्रतिशत है. साल 2021 से 2025 के बीच भारत ने कुल मिलाकर लगभग 79.03 अरब डॉलर के स्मार्टफोन विदेश भेजे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा निर्यात 2025 में हुआ.
इन पांच वर्षों में कुल स्मार्टफोन निर्यात का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा ऐपल के आईफोन का रहा, जिसकी कीमत 22 अरब डॉलर से ज्यादा आंकी गई है. साल 2025 में स्मार्टफोन निर्यात में 47 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे पहले के 12 महीनों में यह आंकड़ा करीब 20.45 अरब डॉलर था.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.