विश्व बैंक ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर भरोसा जताते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया है. यह आंकड़ा जून में दिए गए अनुमान से 0.9 प्रतिशत ज्यादा है. बैंक का कहना है कि मजबूत घरेलू मांग, टैक्स सुधारों और निजी खपत में तेजी के चलते भारत की विकास दर में यह सुधार देखने को मिला है. यह आकलन विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट ‘वैश्विक आर्थिक संभावनाएं’ (Global Economic Prospects) में सामने आया है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की अर्थव्यवस्था को टैक्स सुधारों से बड़ा सहारा मिला है. इन सुधारों की वजह से उपभोक्ताओं के हाथ में खर्च करने के लिए ज्यादा पैसा आया है, जिससे मांग बनी हुई है. इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में परिवारों की आय में सुधार ने भी खपत को मजबूत किया है. यही वजह है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की ग्रोथ रफ्तार तेज बनी हुई है. जून में विश्व बैंक ने भारत की ग्रोथ 6.3 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था, जिसे अब संशोधित कर 7.2 प्रतिशत कर दिया गया है.
भारत पर टैरिफ का असर सीमित
हालांकि, विश्व बैंक ने यह भी चेतावनी दी है कि 2026-27 में भारत की ग्रोथ घटकर 6.5 प्रतिशत रह सकती है. इसका कारण अमेरिका द्वारा 50 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) को बनाए रखना माना जा रहा है. इसके बावजूद बैंक का कहना है कि भारत पर इसका असर सीमित रहेगा. दरअसल, भारत के कुल वस्तु निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 12 प्रतिशत ही है. इसके अलावा, अमेरिका को होने वाले कुछ निर्यात पर अधिक शुल्क का असर घरेलू मांग और अन्य देशों को बढ़ते निर्यात से काफी हद तक संतुलित हो गया है.
दुनियाभर की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत की सबसे तेज ग्रोथ
विश्व बैंक का यह भी कहना है कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज ग्रोथ करने वाला देश बना रहेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, 2027-28 में भारत की ग्रोथ दोबारा बढ़कर 6.6 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. इसमें मजबूत सर्विस सेक्टर एक्टिविटी, निर्यात में सुधार और निवेश में तेजी अहम भूमिका निभाएगी.
विश्व बैंक का आकलन यह दिखाता है कि भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक दबावों के बीच भी मजबूत बनी हुई है. घरेलू मांग, उपभोक्ता खर्च, टैक्स सुधार और निवेश जैसे कारक भारत को आगे भी तेज रफ्तार से बढ़ने में मदद करते रहेंगे.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.