Budget 2026: वित्त मंत्रालय में आज हलवा सेरेमनी होगी. इसके साथ ही बजट बनाने का काम औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा. बजट तैयार करने में लगे अधिकारी और कर्मचारी आज से बाहरी दुनिया से कट जाएंगे.
ये अधिकारी अब सीधे 1 फरवरी को बजट पेश होने के बाद ही नॉर्थ ब्लॉक से बाहर निकलेंगे. अगले कुछ दिनों तक ये कर्मचारी अपने परिवार से भी नहीं मिल पाएंगे और न ही फोन या इंटरनेट के जरिए बाहरी दुनिया से संपर्क कर सकेंगे. यह कड़ा पहरा इसलिए रखा जाता है ताकि टैक्स स्लैब या सरकारी योजनाओं से जुड़ी कोई भी संवेदनशील जानकारी समय से पहले लीक न हो जाए.
एक समय था जब बजट के दस्तावेजों की छपाई के लिए अधिकारियों को हफ्तों तक लॉक-इन में रहना पड़ता था. हालांकि, अब बजट पूरी तरह डिजिटल हो चुका है, जिससे छपाई का काम कम हुआ है और लॉक-इन पीरियड भी थोड़ा संक्षिप्त हो गया है. बावजूद इसके, नॉर्थ ब्लॉक के भीतर की सुरक्षा और गोपनीयता आज भी वैसी ही सख्त बनी हुई है.
बजट 2026 से काफी हैं उम्मीदें
बजट 2026 को लेकर उद्योग जगत और आम जनता की उम्मीदें काफी अधिक हैं. जानकारों का मानना है कि इस बार सरकार का मुख्य फोकस डि-रेगुलेशन (नियमों का सरलीकरण) और आर्थिक विकास पर होगा. वैश्विक मंदी और आपूर्ति शृंखला (Supply Chain) की चुनौतियों के बीच भारत का लक्ष्य अपनी घरेलू मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और एक्सपोर्ट को नई गति देना है. बजट में ऐसे प्रावधानों की उम्मीद है जो व्यापार करने की सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ाएं और निजी निवेश को प्रोत्साहित करें.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.