एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री माननीय श्रेयसी सिंह, बिहार माननीय उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, प्रतय अमृत, मुख्य सचिव, बिहार सरकार; अभय कुमार सिंह, प्रधान सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग सचिव कुंदन कुमार सहित बिहार सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
इस एमओयू के अंतर्गत सीआईपीएल द्वारा पटना में एक कोर डेवलपमेंट सेंटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी. इस परियोजना का उद्देश्य बिहार की डिजिटल गवर्नेंस प्रणाली को सुदृढ़ करना एवं राज्य को पूर्वी भारत में सूचना प्रौद्योगिकी और एआई के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करना है.
इस मौके पर सीआईपीएल द्वारा दिये गए निवेश प्रस्ताव के अनुसार, इस परियोजना के लिए कंपनी 30 करोड़ के प्रारंभिक निवेश से काम शुरु करेंगी एवं आने वाले वर्षों में ये निवेश बढ़कर 100 करोड़ से भी अधिक का होगा. सीआईपीएल द्वारा राज्य में स्थापित किए जाने वाले केंद्र तकनीकी सेवाओं की आपूर्ति, नवाचार एवं एआई आधारित सेवा के लिए कार्य करेगा, जिसमें SAP S/4HANA, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर संचालन, साइबर सुरक्षा एवं एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म जैसी उन्नत तकनीकों पर कार्य किया जाएगा. इसके अतिरिक्त एआई आधारित गवर्नेंस समाधान एवं आईटी की मदद से सरकार के विभिन्न विभागों में ऑटोमेटेड प्रोसेस आदि का विकास एवं क्रियान्वयन भी किया जाएगा, जिससे राज्य की डिजिटल इंफ्रास्ट्रेक्चर एवं सर्विस सेक्टर में डिलिवरी और अधिक सुदृढ़ होगी.
परियोजना के पहले साल में 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है जिसे आगामी पाँच वर्षों में बढ़ाकर 2,000 से अधिक आईटी पेशेवरों तक ले जाने का लक्ष्य कंपनी द्वारा निर्धारित किया गया है. इस परियोजना से राज्य में रोजगार सृजन एवं कौशल विकास को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा.
वर्ष 2007 में स्थापित कॉर्पोरेट इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड को देशभर में सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर डिजिटल परियोजनाओं के क्रियान्वयन का व्यापक अनुभव है तथा कंपनी बिहार में भी कई महत्वपूर्ण तकनीकी परियोजनाओं जैसे, डाटा सेंटर, नागरिक आधारित सेवा (बिहार वन) एवं अन्य परियोजनाओं से जुड़ी हुई है.
सीआईपीएल द्वारा बिहार की राजधानी पटना में कोर डेवलपमेंट सेंटर एवं एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना बिहार आईटी नीति के उद्देश्यों के मुताबिक बिहार सरकार की तकनीक आधारित शासन, निवेश प्रोत्साहन, आईटी एवं डिजिटल क्षेत्र में राज्य के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.