Crude Oil Prices : कच्चे तेल की कीमतों में कल जोरदार उछाल आया और ब्रेंट क्रूड का रेट 117 डॉलर प्रति बैरल तक हो गया. अचानक बढ़ी कीमत ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया. लेकिन, राहत की बात यह है कि आज क्रूड का रेट 10 फीसदी तक टूट गया है.
कच्चे तेल की कीमत में आज जोरदार गिरावट आई है.
ब्रेंट क्रूड के साथ ही अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 10.06% फिसलकर 85.25 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. इस गिरावट के पीछे पर्दे के पीछे की कूटनीति का बड़ा हाथ माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर विस्तृत चर्चा की. इस दौरान पुतिन ने ईरान युद्ध को जल्द समाप्त करने के लिए कुछ ठोस प्रस्ताव साझा किए. क्रेमलिन के सहयोगियों का मानना है कि इस संवाद ने बाजार को एक सकारात्मक संदेश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला लंबे समय तक बाधित नहीं रहेगी.
ट्रंप ने किया बड़ा दावा
ट्रंप ने सोमवार को सीबीएस न्यूज को दिए साक्षात्कार में दावा किया था कि ईरान के खिलाफ युद्ध “लगभग खत्म होने की स्थिति में है.” उन्होंने यह भी दावा किया कि वाशिंगटन अपनी शुरुआती 4-5 सप्ताह की अनुमानित समयसीमा से काफी आगे चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में है.
हालांकि, ट्रंप के बयानों पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने कहा कि युद्ध कब खत्म होगा, यह तेहरान तय करेगा. IRGC के प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका और इजराइल के हमले जारी रहे, तो वे होर्मुज जलडमरूमध्य से “एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने देंगे.”
रूस पर अमेरिका का नरम रुख
ईरान की इन धमकियों के बावजूद तेल की कीमतों में उछाल नहीं आया. इसका कारण ट्रंप का रूस पर लगे तेल प्रतिबंधों में ढील देने और अमेरिका के आपातकालीन रणनीतिक भंडार (SPR) से कच्चा तेल जारी करने की योजना है. इन कदमों का उद्देश्य वैश्विक बाजार में तेल की प्रचुरता बनाए रखना है ताकि कीमतें बहुत ज्यादा न बढ़े.
उत्पादन में कटौती
खाड़ी देशों ने सावधानी बरतते हुए उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है. इराक ने अपने दक्षिणी क्षेत्रों में उत्पादन 70% तक घटा दिया है. कुवैत और सऊदी अरब ने भी आपूर्ति में कमी के संकेत दिए हैं. मार्केट विश्लेषक टोनी सिकामोर का मानना है कि आने वाले समय में बाजार में अस्थिरता बनी रहेगी. उनके अनुसार, कच्चे तेल की कीमतें 75 डॉलर से 105 डॉलर के व्यापक दायरे में झूल सकती हैं.
(रॉयटर्स इनपुट के साथ)
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.