सोने की बढ़ती कीमतों के बीच कहीं आप भी तो नहीं नकली गोल्ड की खरीदारी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बताया जा रहा है कि बांग्लादेशी रेड गोल्ड बाजार में आ चुका है, जो है तो चांदी से भी कहीं ज्यादा सस्ता लेकिन चमक असली सोने भी अधिक दिखती है. सामान्य रूप से इसे पहचान पाना संभव नहीं होता है.
बांग्लादेशी रेड गोल्ड की चमक बिलकुल असली सोने जैसी दिखती है.
इस बांग्लादेशी रेड गोल्ड का नाम एका गोल्ड है, जो एक मिश्रित धातु है और इसकी चमक से आम आदमी ही नहीं, सोनार भी धोखा खा जाते हैं और इसे असली गोल्ड समझ लेते हैं. पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया बांग्लादेशी रेड गोल्ड के वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में साफ दिख रहा है कि यह रेड मेटल ज्यादा चमकदार दिख रहा है. वीडियो में इस मेटल को पिघलाकर उसे असली सोने से भी ज्यादा कीमती बताया जा रहा है.
कैसे बनता है बांग्लादेशी रेड गोल्ड
ईटी नाऊ के मुताबिक, एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बांग्लादेशी रेड गोल्ड को कई धातुओं को मिलाकर तैयार किया जाता है. इस रेड गोल्ड को कॉपर, निकिल, जिंक और टंगस्टन को मिलाकर बनाया जाता है. बाद में इसे पॉलिश करके 24 कैरेट गोल्ड से भी ज्यादा चमकदार बनाया जाता है और देखने में बिलकुल असली गोल्ड जैसा दिखता है. इतना असली कि आम आदमी की तो बात ही छोड़ दीजिए, सोनार को भी यह धोखा दे सकता है.
सस्ती कीमत पर बिक रहा यह गोल्ड
यह नकली सोना बेहद कम कीमत पर बेचा जा रहा है, जो 90 रुपये प्रति ग्राम के आसपास है. लेकिन, भारत में लाकर इसकी हजारों रुपये की कीमत वसूली जाती है. हालांकि, इसमें न तो बीआईएस हॉलमार्क होता है और न ही एचयूआईडी कोड. इसके अलावा यह गोल्ड एक्स-रे फ्लूरेसेंस टेस्ट में भी फेल हो जाता है, लेकिन कुछ रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेशी रेड गोल्ड सामान्य टेस्ट में जल्दी पकड़ में नहीं आता है. लिहाजा खरीदारों को इसे खरीदने से पहले काफी सावधानी रखनी चाहिए.
असली और नकली सोने में कैसे करें अंतर
खरीदारों को सोने की खरीदारी हमेशा ऑथराइज्ड डीलर से करनी चाहिए और ज्वैलरी पर 6 डिजिट वाले एचयूआईडी कोड व बीआईएस की मुहर जरूर चेक करनी चाहिए. यह जांच आप बीआईएस केयर ऐप पर कर सकते हैं. आप ज्वैलरी पर बीआईएस हॉलमार्क को भी जरूर चेक करें. आप चाहें तो अपने घर पर ही असली-नकली सोने में पहचान कर सकते हैं. इसके लिए नाइट्रिक एसिड का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसके इस्तेमाल से असली गोल्ड वैसा ही रहेगा, लेकिन नकली सोने का रंग हरा हो जाएगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.