पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के पास अभी भी टैरिफ बढ़ाने के अन्य विकल्प हैं और संभव है कि आने वाले समय में टैरिफ 15 प्रतिशत तक बढ़ाए जा सकते हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर लगातार बातचीत और संवाद जारी है. गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित व्यापार समझौते में भारत ने संवेदनशील डेयरी और कृषि क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की है. उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत का निर्यात इस साल बढ़ने की संभावना है.
पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका और भारत एक बहुत ही शक्तिशाली रिश्ता साझा करते हैं. (फाइल फोटो)
रायसीना संवाद 2026 में अमेरिका के साथ व्यापारिक संबंधों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘यह एक शानदार सफर रहा है. हमारे संबंध बेहतरीन हैं. आपने पिछले एक साल में देखा होगा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमेशा भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में अच्छी बातें कही हैं. वहां हमारे समकक्षों के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं.’
उन्होंने कहा, ‘एक परिवार के भीतर भी कभी-कभार कुछ गलतफहमियां हो सकती हैं. यह स्वाभाविक है. मुझे लगता है कि अमेरिका और भारत एक बहुत ही शक्तिशाली रिश्ता साझा करते हैं. प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में हमें सबसे अच्छा समझौता मिला है.’
मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं. उन्होंने कहा, ‘दोनों देशों पर बड़ी जिम्मेदारी है. अमेरिका 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था है, कोई भी उन्हें अनदेखा नहीं कर सकता.’ व्यापार समझौते की व्याख्या करते हुए गोयल ने कहा कि यह अनिवार्य रूप से अपने प्रतिस्पर्धियों पर वरीयता प्राप्त करने के बारे में है.
द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण में अमेरिका ने भारत पर पारस्परिक शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की थी. हालांकि, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा इसे रद्द किए जाने के बाद ट्रंप ने 24 फरवरी से 150 दिनों के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है. इसके चलते समझौते के कानूनी पाठ को अंतिम रूप देने वाली मुख्य वार्ताकारों की बैठक फिलहाल टल गई है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.