Vande Bharat Sleeper Train : रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को ट्रैक पर उतार दिया है और इसके साथ ही छोटी व मध्यम दूरी वाली विमान सेवाओं के लिए चुनौती भी पेश कर दी है. एक्सपर्ट का मानना है कि यह ट्रेन विमान सेवाओं का विकल्प बन सकती है.
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, नई जेनरेशन की इस स्लीपर ट्रेन में कुल मिलाकर 16 कोच लगाए गए हैं और इसमें 823 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. एक ट्रेन में 11 एसी-3 टियर वाले कोच लगे होंगे, जबकि 4 कोच एसी-2 टियर के और एक कोच एसी-1 क्लास वाला होगा. इससे यात्रियों को उनकी आर्थिक क्षमता के आधार पर आराम और सुविधाएं दी जाएंगी. हालांकि, सुविधा सभी को मिलेगी कि वे अपने गंतव्य पर समान समय में पहुंच जाएंगे. इस ट्रेन के स्टॉपेज अन्य ट्रेनों के मुकाबले कम रखे गए हैं, जिससे जल्दी सफर पूरा हो सकेगा.
क्यों खास हैं इसके कोच
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के कोच इसलिए खास बताए जा रहे, क्योंकि इसमें लगी बर्थ का कुशन काफी आरामदायक है, जिसमें एडवांस्ड सस्पेंशन, शोर कम करने वाली तकनीक और ऑटोमेटिक दरवाजे लगे हैं. इसके अलावा मेट्रो की तर्ज पर यात्रियों को सूचना देने का आधुनिक सिस्टम भी लगाया गया है. वॉन्डरऑन के सीईओ गोविंद गौर का कहना है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों के लिए विकल्पों के नए दरवाजे खोल सकती है. इसका सबसे ज्यादा असर छोटी और मध्यम दूरी वाली यात्राओं पर होगा. इसकी कम कीमत और तेज यात्रा फ्लाइट और ट्रेन से सफर करने के बीच के अंतर को कम कर देगी.
कितना है ट्रेन का किराया
भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के किराये की लिस्ट भी जारी कर दी है. 400 किलोमीटर की यात्रा के लिए इसका किराया 3AC कोच में 960 रुपये, 2AC कोच के लिए 1,240 रुपये और 1AC कोच के लिए 1,520 रुपये तय किया है. अगर 1,000 किलोमीटर की दूरी वाला सफर होता है तो इसका किराया 2,400 रुपये से लेकर 3,800 रुपये तक जाएगा. जाहिर है कि इस ट्रेन से कई पॉपुलर रूट पर लोगों को हवाई सफर के बजाय रेलवे का रूट का विकल्प मिलेगा. जैसे हावड़ा-कामाख्या जैसे रूट पर जो करीब 958 किलोमीटर है. यहां वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया फ्लाइट के मुकाबले कम रहता है.
इस रूट पर कितना पैसा बचेगा
रेलवे ने हावड़ा-कामख्या रूट पर सेकंड एसी कोच के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया 2,970 रुपये तो फर्स्ट एसी कोच का किराया 3,640 रुपये रखा गया है. अगर फ्लाइट की बात करें तो गुवाहाटी से कोलकाता के लिए औसत किराया 5 हजार से 8 हजार रुपये के बीच रहता है. जाहिर है कि अगर आप फर्स्ट एसी कोच में भी सफर करते हैं तो भी आपको किरायेपर 1.5 हजार से 4.5 हजार रुपये तक की बचत हो सकती है, जबकि अन्य कोच में सफर किया तो यह बचत और बढ़ जाएगी.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.