सोने की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. इस तेजी को लेकर हर कोई अलग-अलग अटखलें लगा रहा है. अब इस बढ़त की मुख्य वजह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताई है. उन्होंने बताया कि दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों की भारी खरीदारी है. आरबीआई की सेंट्रल बोर्ड मीटिंग के बाद उन्होंने कहा कि ग्लोबली सेंट्रल बैंक बड़े पैमाने पर सोना खरीद रहे हैं, जिससे दाम बढ़ रहे हैं. इसके अलावा बढ़ता जियो-पॉलिटिकल तनाव और डोनाल्ड ट्रंप की ओर से टैरिफ की चेतावनियों ने भी निवेशकों को सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने की ओर मोड़ा है.
भारत में सोने की कीमतें भी काफी ऊपर चली गई हैं. एमसीएक्स पर 23 फरवरी को 24 कैरेट सोना 10 ग्राम के लिए 1,60,049 रुपये पर खुला, जो पिछले बंद से 2.02 प्रतिशत ज्यादा था. आईबीजेए ने स्टैंडर्ड गोल्ड 999 प्योरिटी को 1,55,066 रुपये प्रति 10 ग्राम बताया, जो 0.33 प्रतिशत ऊपर था. यह रेट आरबीआई के सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड्स के लिए रेफरेंस प्राइस के रूप में इस्तेमाल होता है. ग्लोबली कॉमेक्स पर सोना 5,182 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले 24 घंटे में 2 प्रतिशत ऊपर था. ऐसे में भारतीय बाजार में भी असर पड़ रहा है और लोग सोने में निवेश कर रहे हैं.
वित्त मंत्री ने बताया क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार और आरबीआई सोने के आयात को करीब से देख रहे हैं, लेकिन अभी यह स्तर चिंताजनक नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू खपत में अचानक से हुई बढ़ोतरी होती है, जैसे शादी-त्योहारों में, लेकिन वैश्विक बढ़ोतरी के कारण घरेलू खरीदारों पर भी असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि कीमतें अभी किसी खास सीमा से ज्यादा नहीं गई हैं और सरकार नजर रख रही है.
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स पर काम जारी
वित्त मंत्री ने सोने के अलावा कुछ अन्य बातें भी कही. उन्होंने कहा कि सरकार फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स पर काम जारी रखेगी क्योंकि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को फायदा होता है. वैश्विक अनिश्चितता हमेशा रहती है, लेकिन भारत में मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता और बिजनेस के लिए अनुमानित माहौल है, जिससे कैपिटल फ्लो आना चाहिए. हालांकि, कुछ कारणों से फंड्स नहीं आ रहे, शायद ग्लोबल पॉलिटिकल वजहों से. सोने की यह रैली मुख्य रूप से सेंट्रल बैंकों की खरीदारी से है, जो सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोने को देख रहे हैं. ऐसे में अगर कीमतें और बढ़ती हैं तो आम आदमी की जेब पर असर पड़ सकता है, लेकिन सरकार कह रही है कि स्थिति कंट्रोल में है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.