सरकार ने टेलीग्राम को नोटिस जारी कर प्लेटफॉर्म से फिल्मों और वेब सीरीज की पाइरेसी से जुड़ा कंटेंट हटाने को कहा है. जांच में 3,142 ऐसे चैनलों की पहचान हुई है जहां कॉपीराइट वाला कंटेंट गैरकानूनी तरीके से शेयर किया जा रहा था. जियो सिनेमा और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म की शिकायत के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई की है. सरकार का कहना है कि ऑनलाइन पाइरेसी पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.
अमेजन प्राइम और जियो सिनेमा जैसे प्लेटफॉर्म्स ने सरकार से की थी शिकायत.
शिकायतों की जांच के बाद अधिकारियों ने कुल 3,142 टेलीग्राम चैनलों की पहचान की है. इन चैनलों पर फिल्मों, वेब सीरीज और दूसरे कॉपीराइट वाले कंटेंट को गैरकानूनी तरीके से शेयर करने का आरोप है. कई ओटीटी प्लेटफॉर्म ने शिकायत की थी कि उनका कंटेंट बिना अनुमति के टेलीग्राम पर बड़े पैमाने पर फैलाया जा रहा है.
ओटीटी प्लेटफॉर्म की शिकायत के बाद कार्रवाई
इस मामले में जियोसिनेमा और अमेजन प्राइम वीडियो जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म ने सरकार से शिकायत की थी. इन कंपनियों का कहना था कि उनकी फिल्मों और वेब सीरीज को कॉपीराइट का उल्लंघन करते हुए टेलीग्राम चैनलों पर शेयर किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक टेलीग्राम के कुछ फीचर जैसे बड़ी फाइल शेयर करने की सुविधा और यूजर की पहचान छिपे रहने की व्यवस्था का गलत इस्तेमाल कर पाइरेटेड कंटेंट तेजी से फैलाया जा रहा है.
हाल में कई ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी कार्रवाई
सरकार की यह कार्रवाई ऐसे समय आई है जब कुछ दिन पहले ही सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अश्लील माने गए कंटेंट को लेकर पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाया था. इनमें मूडएक्सवीआईपी, कोयल प्लेप्रो, डिजी मूवीप्लेक्स, फील और जुगनू जैसे प्लेटफॉर्म शामिल थे.
पहले भी हुई थी सख्त कार्रवाई
इससे पहले जुलाई 2025 में भी सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट दिखाने के आरोप में 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म की वेबसाइट और ऐप को ब्लॉक करने का आदेश दिया था. सरकार का कहना है कि इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड रूल्स 2021 के तहत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को अश्लील, हिंसा भड़काने वाले या नफरत फैलाने वाले कंटेंट को होस्ट करने की अनुमति नहीं है. मंत्रालय के अनुसार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पाइरेसी और आपत्तिजनक कंटेंट को रोकने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.