ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में निवेश को लेकर डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसमें कम निवेश करना सबसे बड़ा खतरा है. उनका मानना है कि अगर एआई में निवेश नहीं किया गया तो चीन इस रेस में बढ़त बना लेगा. मुंबई में जियो ब्लैकरॉक के कार्यक्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी के साथ बातचीत में फिंक ने कहा कि भारत एआई ग्रोथ के केंद्र में है. भारत की टेक्नोलॉजी अपनाने की क्षमता इसे दुनिया की बड़ी ग्रोथ स्टोरी बना सकती है.
लैरी फिंक ने कहा कि एआई इस समय दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है क्योंकि यह सबसे ज्यादा डिसरप्टिव टेक्नोलॉजी है. एआई नई खोजों को संभव बनाएगा और आर्थिक विकास के नए रास्ते खोलेगा. उन्होंने कहा कि एआई की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यह आर्थिक सफलता को कितना व्यापक बना पाता है और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक उसका फायदा पहुंचता है.
घटती आबादी और बढ़ते घाटे की चुनौती
फिंक ने कहा कि कई विकसित देश भारी घाटे और घटती आबादी की समस्या से जूझ रहे हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या एआई प्रोडक्टिविटी बढ़ाकर जीडीपी को सपोर्ट कर सकता है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि इसका जवाब हां है और भारत इस बदलाव के बिल्कुल केंद्र में खड़ा है.
भारत एआई ग्रोथ के केंद्र में
एआई पर अपनी बात रखते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि एआई पूरी तरह वास्तविक है और भारत के नजरिए से यह बेहद फायदेमंद साबित होने वाला है. उन्होंने कहा कि भारत अन्य विकसित देशों की तुलना में नई तकनीकों को कहीं तेजी से अपनाता है और डिजिटल रुपये का डिजिटाइजेशन इसका बड़ा उदाहरण है.
लैरी फिंक ने भारत की टेक्नोलॉजी स्वीकार करने की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि एआई आने वाले समय में दुनिया के लिए एक शक्तिशाली ग्रोथ इंजन बनेगा. उनके मुताबिक भारत के पास टैलेंट, टेक्नोलॉजी और स्केल तीनों मौजूद हैं, जो इसे वैश्विक स्तर पर मजबूत लीडर बना सकते हैं.
युवा भारत को संदेश
लैरी फिंक ने युवा भारतीयों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें अपने देश पर भरोसा रखना चाहिए और देश के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि ब्लैकरॉक ऐसे लोगों के साथ निवेश करना चाहता है जिनमें महत्वाकांक्षा है, जो जोखिम लेने का साहस रखते हैं और समाज को बदलने की क्षमता रखते हैं, जैसा कि मुकेश अंबानी ने किया है.
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.