केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि देश में रसोई गैस (LPG), पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है. सरकार के मुताबिक एलपीजी रिफिल बुकिंग में हाल के दिनों में कमी आई है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सप्लाई घट गई है.
घबराएं नहीं! गैस और तेल का पूरा स्टॉक: सरकार
सरकार ने डेली अपडेट में बताया कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग का हिस्सा बढ़कर लगभग 87 फीसदी हो गया है, जो पहले 84 फीसदी था. इसका श्रेय तेल मार्केटिंग कंपनियों की ओर से डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने और लोगों को एलपीजी डीलरशिप पर लंबी कतारों में खड़ा होकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने से रोकने वाले अभियान को दिया गया है.
देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर
सरकार ने बताया कि देश की सभी घरेलू रिफाइनरी पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं और पर्याप्त कच्चे तेल का भंडारण बनाए हुए हैं. सरकार ने कहा कि देश पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है और घरेलू मांग पूरी करने के लिए इन ईंधनों का कोई आयात आवश्यक नहीं है.
तेल मार्केटिंग कंपनियों ने ईंधन खुदरा बिक्री केंद्रों या एलपीजी वितरकों के पास भंडारण खत्म होने की कोई जानकारी नहीं दी है और पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की सप्लाई नियमित रूप से बनाए रखी जा रही है. सरकार ने बताया कि एलपीजी बुकिंग में गिरावट आई है. साथ ही ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग का हिस्सा बढ़कर 84 प्रतिशत से लगभग 87 प्रतिशत हो गया है.
केंद्र सरकार ने कहा कि बिहार, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों ने गैर-घरेलू एलपीजी के आवंटन के लिए निर्देश जारी किए हैं. राज्य सरकारें पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की जमाखोरी और काला बाजारी रोकने के लिए कड़ाई से निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं. सरकार ने बताया कि आंध्र प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और काला बाजारी रोकने के लिए छापेमारी भी जारी है.
पश्चिम एशिया की स्थिति पर सरकार की नजर
सरकार ने नागरिकों से कहा है कि वे घबराकर एलपीजी बुकिंग न करें, क्योंकि देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. सरकार ने कहा कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों को 24 घंटे हेल्पलाइन सर्विसेज के जरिए सहायता प्रदान कर रहा है. 28 फरवरी के बाद से लगभग 1.94 लाख यात्रियों को भारत लौटाया गया है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.