पिछले कुछ वर्षों में Netflix भारतीय सिनेमा के लिए सिर्फ एक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि कमाई और स्टार वैल्यू का नया पैमाना बन चुका है. अब खबर आ रही है कि नेटफ्लिक्स ने धुरंधर मूवी के राइट्स 285 करोड़ में खरीदे हैं. इसमें धुरंधर के सीक्वेल की कीमत भी शामिल है. धुरंधर नेटफ्लिक्स द्वारा भारत में अब तक खरीदी गई सबसे महंगी फिल्म है. यह पहली बार नहीं है कि नेटफ्लिक्स ने किसी मूवी के लिए भारी-भरकम रकम चुकाई है. इससे पहले फिल्मों के स्ट्रिमिंग अधिकार हासिल करने को नेटफ्लिक्स ने मोटी रकम दी है. यही वजह है कि अब किसी फिल्म की सफलता सिर्फ थिएटर कलेक्शन से नहीं, बल्कि उसके Netflix सौदे से भी आंकी जाने लगी है.
नेटफ्लिक्स ने धुरंधर मूवी के राइट्स 285 करोड़ में खरीदे हैं. आज से यह Netflix पर स्ट्रीम होने लगी है. धुरंधर एक स्पाई थ्रिलर है जिसमें रणवीर सिंह अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल ने अभिनय किया है. करीब 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.

धुरंधर से पहले नेटफ्लिक्स पर ‘पुष्पा 2: द रूल’ को सबसे महंगी फिल्म माना जाता था. इस फिल्म के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स को रिकॉर्ड 275 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अल्लू अर्जुन ने एक बार फिर अपने शानदार ‘पुष्पराज’ अवतार से दर्शकों का दिल जीत लिया. 6 दिसंबर 2024 को रिलीज हुई यह एक्शन ड्रामा फिल्म सत्ता संघर्ष और स्मगलिंग की रोमांचक दुनिया को बड़े स्तर पर पेश करती है.

जूनियर एनटीआर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ भी नेटफ्लिक्स की सबसे बड़ी और महंगी डील्स की सूची में अपनी जगह बनाई है. इस फिल्म के डिजिटल अधिकार लगभग 150 से 155 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में बेचे गए. कोराताला शिवा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जूनियर एनटीआर एक पराक्रमी योद्धा के रूप में समुद्री डाकुओं और गांव की गंदी राजनीति के खिलाफ लड़ते हुए नजर आते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

प्रभास की स्टार पावर का जादू भी नेटफ्लिक्स पर देखने को मिला है. उनकी आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ ने रिलीज से पहले ही धमाका कर दिया है. इस फिल्म के स्ट्रिमिंग राइट्स नेटफ्लिक्स ने करीब 160 करोड़ रुपये में खरीदे हैं. साल 2027 में रिलीज होने वाली इस फिल्म में प्रभास एक जांबाज पुलिस ऑफिसर की भूमिका में अपराध और राजनीति के गठजोड़ को खत्म करते नजर आएंगे.

लोकेश कनागराज के निर्देशन में बनी तमिल एक्शन थ्रिलर ‘लियो’ ने भी डिजिटल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाते हुए नेटफ्लिक्स के साथ बड़ी डील की थी. इस फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स लगभग 120 करोड़ रुपये में खरीदे गए थे. इस फिल्म में लीड रोल थलापति विजय ने निभाया. साल 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न केवल ओटीटी पर बल्कि सिनेमाघरों में भी 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सफलता के नए झंडे गाड़े थे.

शाहरुख खान की मेगा-हिट फिल्म ‘जवान’ के डिजिटल अधिकारों को भी नेटफ्लिक्स ने करीब 120 करोड़ रुपये में खरीदा था. एटली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख खान ने पिता और बेटे की दोहरी भूमिका निभाकर बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे. साल 2023 में रिलीज हुई यह फिल्म शाहरुख खान के करियर की सबसे बड़ी कमबैक फिल्मों में शुमार हुई और ओटीटी पर भी छाई रही.

मणि रत्नम और कमल हासन की दिग्गज जोड़ी की फिल्म ‘ठग लाइफ’ भी नेटफ्लिक्स की पसंदीदा और महंगी फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल हो चुकी है. इसके डिजिटल राइट्स 110 से 150 करोड़ रुपये में खरीदे जाने की चर्चा में रही है. कमल हासन के साथ सिलांबारासन और तृषा ने इस फिल्म में अभिनय किया है.

थलापति विजय की चर्चित फिल्म ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (GOAT) ने भी नेटफ्लिक्स के साथ लगभग 110 करोड़ रुपये की शानदार डिजिटल डील की थी. वेंकट प्रभु द्वारा निर्देशित यह साइंस फिक्शन एक्शन थ्रिलर साल 2024 में रिलीज हुई थी जिसमें विजय ने एक स्पाई और उसके क्लोन की चुनौतीपूर्ण दोहरी भूमिका निभाई थी.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.