प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल से PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड लॉन्च कर स्ट्रीट वेंडर्स को बड़ी आर्थिक राहत दी है. इस योजना के तहत अब रेहड़ी-पटरी लगाने वालों को भी क्रेडिट कार्ड और आसान कर्ज की सुविधा मिलेगी. सरकार का मकसद छोटे कारोबारियों को औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.
केरल से योजना की शुरुआत, हजारों को मिला लाभ
तिरुवनंतपुरम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि केरल के करीब 10 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं, जबकि राजधानी क्षेत्र से 600 से ज्यादा लाभार्थी शामिल हुए. इस मौके पर पीएम मोदी ने अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और कई विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की. उन्होंने कहा कि पहले रेहड़ी-पटरी वालों को कुछ सौ रुपये के लिए भी ऊंचे ब्याज पर उधार लेना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं.
क्या है PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड
PM SVANidhi योजना के तहत जारी यह एक RuPay रिटेल क्रेडिट कार्ड है, जिसे सरकारी और निजी बैंक जारी करेंगे. यह कार्ड उन स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा जिन्होंने योजना के पहले दो लोन पूरी तरह चुका दिए हैं. कार्ड के जरिए उन्हें रोजमर्रा के खर्चों और छोटे व्यापारिक जरूरतों के लिए आसानी से क्रेडिट मिलेगा. योजना का मकसद वेंडर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनकी नकदी की दिक्कत को कम करना है.
क्रेडिट लिमिट, ब्याज और UPI सुविधा
इस क्रेडिट कार्ड की अधिकतम सीमा 30,000 रुपये तय की गई है, जबकि शुरुआत में 10,000 रुपये की ऑपरेटिंग लिमिट मिलेगी. कार्ड का इस्तेमाल बेहतर रहने पर लिमिट धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी. कार्ड की वैधता 5 साल की होगी और इसमें 20 से 50 दिनों तक ब्याज मुक्त क्रेडिट सुविधा दी जाएगी. खास बात यह है कि यह कार्ड लाभार्थी के UPI से भी जुड़ा होगा, जिससे डिजिटल भुगतान और भी आसान हो जाएगा. PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड को स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक बड़ा आर्थिक सहारा माना जा रहा है, जो उन्हें साहूकारों के चंगुल से निकालकर औपचारिक बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा.
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.