Rahul Dravid Business : क्रिकेट खिलाड़ी और भारतीय टीम के कोच रह चुके राहुल द्रविड़ जिस धैर्य और मजबूती के साथ बैटिंग करते थे, उसी धैर्य के साथ उन्होंने चुपचाप अपना बिजनेस अम्पायर भी खड़ा कर लिया है. आज वह तीन कंपनियों के बड़े निवेशक होने के साथ मेंटोर और पार्टनर भी हैं. उन्होंने निवेश की दुनिया का शुरुआती सबक सीखा और फिर कभी हार न मानने वाले जज्बे के साथ बड़ी सफलता हासिल की.
ऐसा नहीं है कि राहुल द्रविड़ ने क्रिकेट से खूब पैसा बनाया और उसे अंधाधुंध निवेश अपनी संपत्ति बढ़ाई है. एक आम निवेशक की तरह उन्हें भी शुरुआत में बड़े झटके लगे. साल 2018 में उन्होंने बैंगलुरु पुलिस स्टेशन में विक्रम इनवेस्टमेंट कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई कि इस कंपनी ने उनके 4 करोड़ रुपये निवेश कराए थे, जिस पर सालाना 40 फीसदी रिटर्न का दावा था. कंपनी फ्रॉड निकली और उनका सारा पैसा लेकर भाग गई. इस झटके ने राहुल द्रविड़ को पहला सबक सिखाया कि लालच में किया गया निवेश, हमेशा जोखिम में रहता है.

निवेश का यह जरूरी सबक लेने के बाद राहुल द्रविड़ सतर्क हो गए और बैंगलुरु में उभरते स्टार्टअप पर उनकी नजरें जम गईं. द्रविड़ ने किसी बड़ी कंपनी में पैसा नहीं लगाया और न ही प्रॉपर्टी खरीदी, बल्कि सावधानी से लंबे रिसर्च के बाद खुद को स्टार्टअप का एंजेल इन्वेस्टर बनाया. आज वह बैंगलुरु के तीन स्टार्टअप में निवेश करते हैं और उसे मेंटरिंग भी प्रदान करते हैं. स्टार्टअप के अलावा राहुल का फोकस सुरक्षित निवेश जैसे बॉन्ड, म्यूचुअल फंड और एफडी पर रहता है.

राहुल द्रविड़ ने साल 2025 में एक मेंस ग्रूमिंग कंपनी बॉम्बे शेविंग कंपनी (Bombay Shaving Company) में निवेश किया. इस कंपनी ने सीरीज डी की फंडिंग में करीब 140 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जिसमें बड़ा निवेश राहुल द्रविड़ का भी है. कंपनी की कुल फंडिंग अब तक 450 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच चुकी है. फिलहाल यह कंपनी आईपीओ लाने की तैयारी में है, जिससे साफ जाहिर है कि आने वाले समय में इससे राहुल को भी बड़ा रिटर्न मिलेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

राहुल द्रविड़ ने नाइक और ऐपल जैसी मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाले 2 युवाओं के साथ एक टीम बनाई और देश के 500 बच्चों पर रिसर्च किया. इसमें पाया कि इन बच्चों को पहनाए जाने वाले जूते उनकी साइज के नहीं होते, बल्कि पैसे बचाने के लिए मां-बाप बड़े जूते खरीद लाते. राहुल और दोनों युवाओं ने मिलकर प्लेटो (Plaeto) नाम से भारतीय बच्चों के पैसों के लिए जूते बनाने शुरू किए. द्रविड़ ने इसमें साल 2020 में निवेश किया. इन जूतों में एल्गी आधारित फोम का इस्तेमाल किया जाता है और यह अपनी साइज को डेढ़ गुना तक बढ़ा सकते हैं.

राहुल ने एक और उभरते स्टार्टअप में पैसा लगाया, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ क्वालिटी फूड प्रोडक्ट भी उपलब्ध कराती है. उन्होंने Good Farmer Food Concepts में निवेश किया जो कॉफी और बर्गर के ब्रांड्स बनाती है. इस कंपनी का कॉफी ब्रांड Maverick and Farmer Coffee बहुत पसंद किया जाता है. साथ ही बर्गर ब्रांड जैसे Square Burgers को भी हेल्दी प्रोडक्ट माना जाता है. कंपनी ने फिलहाल 15 लाख डॉलर यानी करीब 13 करोड़ की फंडिंग जुटाई है, जिसमें राहुल द्रविड़ का भी बड़ा निवेश है.

राहुल की नेट वर्थ की बात करें तो वित्तवर्ष 2024-25 में उनके पास करीब 320 करोड़ रुपये की नेट वर्थ बताई जाती है. उन्होंने क्रिकेट करियर और भारतीय क्रिकेट टीम का कोच बनकर भी खूब पैसा कमाया. कोच के रूप में उन्हें सालाना 10 से 12 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए कोचिंग करने पर भी उन्हें 5 करोड़ रुपये सालाना की फीस मिलती थी.

क्रिकेट और कोच के करियर के अलावा राहुल की कमाई का प्रमुख जरिया ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापन था. राहुल के पास Reebok, Pepsi, HDFC Life, PUMA, CRED, Practo, Piramal Realty, Gillette, Castrol, Philips, Shriram Finance जैसी कंपनियों के विज्ञापन हैं, जिनसे सालाना करीब 3 से 4 करोड़ रुपये की कमाई हो जाती है.

राहुल द्रविड़ ने साल 2010 में बैंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर में एक लग्जरी बंगला खरीदा था, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जाती है. फिलहाल वह इसी घर में रहते हैं. उनके पास लग्जरी कारों का कलेक्शन भी है, जिसमें Porsche 911 Carrera (लगभग ₹1.5 करोड़), Mercedes-Benz GLE 350, Audi Q5, Toyota Innova Crysta, Hyundai Tucson जैसी कारें हैं और इनकी कुल कीमत भी करीब 6 करोड़ रुपये बताई जाती है
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.