दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने साफ कर दिया है कि अब राशन कार्ड केवल उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जो वास्तव में आर्थिक रूप से कमजोर हैं. आय, संपत्ति, वाहन और बिजली खपत जैसे कई मानकों को आधार बनाकर पात्रता की नई परिभाषा तय की गई है.
राशन कार्ड: क्या कहते हैं नए नियम
नए नियमों के अनुसार, यदि किसी परिवार की सालाना आय 1.2 लाख रुपये से अधिक है, तो वह राशन कार्ड के लिए आवेदन नहीं कर सकेगा. सरकार का मानना है कि इससे अधिक आय वाले परिवार आर्थिक रूप से स्थिर माने जाएंगे, और उन्हें खाने की चीजों पर सब्सिडी की आवश्यकता नहीं है.
संपत्ति भी अब एक बड़ा मानदंड बन चुकी है. यदि परिवार का कोई भी सदस्य दिल्ली की ए, बी, सी, डी या ई श्रेणी की कॉलोनियों में पक्का मकान या फ्लैट का मालिक है, तो पूरा परिवार अपात्र माना जाएगा. इसके अलावा जो लोग आयकर भरते हैं, उन्हें अपने आप ही राशन कार्ड सिस्टम से बाहर कर दिया जाएगा. सरकार का तर्क है कि आयकरदाता वित्तीय रूप से सक्षम वर्ग में आते हैं.
गाड़ी और बिजली कनेक्शन भी बनेंगे आधार
नियम केवल आय और मकान तक सीमित नहीं हैं. यदि किसी परिवार के पास कार या चार पहिया वाहन है, तो उसका नाम भी लाभार्थी सूची से हटाया जा सकता है. यह कदम उन परिवारों को अलग करने के लिए उठाया गया है, जो आर्थिक रूप से बेहतर स्थिति में हैं लेकिन अब तक योजना का लाभ ले रहे थे.
बिजली खपत भी अब जांच का हिस्सा बनेगी. जिन घरों में 2 किलोवॉट से अधिक क्षमता का बिजली कनेक्शन है, उनका आवेदन खारिज किया जा सकता है या मौजूदा राशन कार्ड रद्द हो सकता है. सरकार का कहना है कि इन मानकों से योजनाओं के दुरुपयोग पर रोक लगेगी और वास्तविक जरूरतमंदों तक अनाज पहुंचेगा.
पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पूरी राशन कार्ड प्रणाली को डिजिटल किया जा रहा है. अब आय रिकॉर्ड, संपत्ति का ब्योरा, वाहन पंजीकरण और बिजली उपयोग जैसी जानकारियां अलग-अलग सरकारी डेटाबेस से ऑनलाइन मिलान की जाएंगी.
ये नियम केवल नए आवेदकों पर ही नहीं, बल्कि मौजूदा कार्डधारकों पर भी लागू होंगे. यदि वेरिफिकेशन के दौरान कोई व्यक्ति नए मानकों के विपरीत पाया गया, तो उसका राशन कार्ड बिना पूर्व सूचना के रद्द किया जा सकता है. गलत जानकारी देने या तथ्य छिपाने पर स्थायी रूप से अयोग्य घोषित किए जाने की भी चेतावनी दी गई है.
केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य
सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि राशन कार्ड के लिए अब ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इच्छुक आवेदकों को ऑनलाइन पोर्टल पर ही आवेदन करना होगा और सभी जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल कॉपी अपलोड करनी होगी.
आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों के आधार नंबर, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण, बैंक विवरण और पहचान से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके बाद जिला स्तर की सत्यापन समिति आवेदन की जांच करेगी और सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही राशन कार्ड जारी किया जाएगा.
सरकार का कहना है कि वर्षों से कई अपात्र परिवार भी राशन कार्ड का लाभ ले रहे थे, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा था. नई व्यवस्था डेटा आधारित और पारदर्शी जांच के जरिए इस असंतुलन को खत्म करने की कोशिश है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.