कोरोना महामारी के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व झटका लगा था. लॉकडाउन के कारण यात्रा और उद्योग लगभग ठप हो गए, जिससे कच्चे तेल की मांग अचानक गिर गई. स्थिति इतनी खराब हो गई कि अप्रैल 2020 में तेल की कीमतें शून्य से भी नीचे चली गईं. उस समय कुछ कंपनियां खरीदारों को तेल लेने के लिए पैसे देने तक को तैयार थीं. जबकि आज क्रूड ऑयल के दाम 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गए हैं.
2020 में कच्चे तेल की कीमत माइनस में चली गई थी. (Image:AI)
लॉकडाउन से खत्म हो गई थी तेल की मांग
2020 की शुरुआत में जब कोरोना वायरस तेजी से फैलने लगा, तब कई देशों ने सख्त लॉकडाउन लागू कर दिए. हवाई यात्रा, कारों की आवाजाही और फैक्ट्रियों का संचालन लगभग बंद हो गया. इससे पेट्रोल और डीजल की मांग अचानक गिर गई. दुनिया भर में तेल की खपत में भारी गिरावट आई, जबकि तेल उत्पादन पहले की तरह जारी था. नतीजा यह हुआ कि बाजार में तेल की भारी अधिकता हो गई और कीमतों पर जबरदस्त दबाव पड़ गया.
इतिहास में पहली बार माइनस में गया तेल
20 अप्रैल 2020 को अमेरिकी कच्चे तेल का बेंचमार्क WTI फ्यूचर्स लगभग माइनस 37 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गया था. इसका मतलब यह था कि विक्रेता खरीदारों को तेल लेने के लिए पैसे देने को तैयार थे. असल में उस समय तेल रखने के लिए जगह की भारी कमी हो गई थी. स्टोरेज टैंक तेजी से भर रहे थे और कंपनियों के पास अतिरिक्त तेल को रखने का कोई इंतजाम नहीं था. इसलिए कई कंपनियों ने घाटे में भी तेल बेचने का फैसला किया.
धीरे-धीरे बाजार में आई स्थिरता
हालांकि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रही. बाद में तेल उत्पादक देशों के समूह OPEC और उसके सहयोगियों ने उत्पादन घटाने का फैसला किया. जैसे-जैसे लॉकडाउन में ढील मिली और आर्थिक गतिविधियां शुरू हुईं, तेल की मांग भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी. इसके बाद कच्चे तेल की कीमतें फिर से सामान्य स्तर पर लौट आईं. लेकिन 2020 की वह घटना आज भी ऊर्जा बाजार के इतिहास में एक असाधारण और यादगार पल के रूप में दर्ज है, जब दुनिया ने पहली बार तेल को माइनस कीमत पर बिकते देखा.
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.