Per Capita Income : देश की प्रति व्यक्ति आय 2 लाख रुपये से थोड़ी ज्यादा है, लेकिन क्या आपको पता है कि कई राज्यों में यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से भी कहीं ज्यादा है. आइये जानते हैं कि यूपी-बिहार जैसे राज्यों में हर आदमी की सालाना कमाई कितनी है.
उन्होंने कहा कि बिहार की आर्थिक वृद्धि दर 13.1 फीसदी है, जो राष्ट्रीय दर 7.3 फीसदी से काफी अधिक है. इसके अलावा राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो 69 हजार रुपये से बढ़कर 76 हजार रुपये हो गई है. राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के उद्देश्य से पूर्व मुख्य सचिव नवीन कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे 6 महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपनी है. आर्थिक नीति के तहत सरकार ने शुरुआती 10 वर्षों में बिजली और सड़क अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया. अब सरकार का जोर औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन पर है, ताकि राज्य के लोगों की आय में तेजी से वृद्धि हो सके.
कितनी है बिहार की जीडीपी
वित्तमंत्री ने बताया कि 2024–25 के लिए नवीनतम त्वरित अनुमान के अनुसार बिहार का राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) स्थिर मूल्य (2011–12) पर 8.6 फीसदी और वर्तमान मूल्य पर 13.1 फीसदी की दर से बढ़ा है. इस दौरान जीएसडीपी का आकार स्थिर मूल्य पर 5.31 लाख करोड़ रुपये और वर्तमान मूल्य पर 9.92 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है. प्रति व्यक्ति जीएसडीपी 2020–21 के 46,412 रुपये से बढ़कर 2024–25 में 76,490 रुपये हो गया है, जबकि स्थिर मूल्य पर यह 30,159 रुपये से बढ़कर 40,973 रुपये हो गया है. 2020–21 में राज्य सरकार का कुल खर्च 1.66 लाख करोड़ था, जो 2024–25 में बढ़कर 2.82 लाख करोड़ हो गया है.
यूपी में कितनी है प्रति व्यक्ति आय
जनसंख्या के लिहाज से यूपी देश का सबसे बड़ा राज्य है. बावजूद इसके यहां की प्रति व्यक्ति आय बिहार के मुकाबले डेढ़ गुना से अधिक है. यूपी प्रति व्यक्ति आय 2024-25 में 1 से लेकर 1.50 लाख रुपये तक रही. इससे ज्यादा आंध्र प्रदेश की 2.6 लाख, पंजाब की 2.2 लाख और उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय करीब 3 लाख रुपये है. आपको लग रहा होगा कि देश में सबसे ज्यादा प्रति व्यक्ति आय तो गुजरात की होगी, लेकिन ऐसा नहीं है और यहां भी प्रति व्यक्ति आय फिलहाल 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के बीच ही है.
किस राज्य में सबसे अमीर लोग
अगर देश में प्रति व्यक्ति आय की बात करें तो वित्तवर्ष 2024-25 में यह 2 लाख से लेकर 2.35 लाख रुपये तक थी. हालांकि, कर्ठ राज्यों में यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से भी कहीं ज्यादा रही है. सबसे अमीर राज्य की बात करें तो सिक्किम इसमें सबसे ऊपर आता है. यहां प्रति व्यक्ति आय 5.87 लाख रुपये के आसपास है. राज्य की कमाई का मुख्य जरिया पर्यटन और हाइड्रोपॉवर है. हालांकि, यहां की जनसंख्या काफी कम है, जिससे प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.