पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ और वैश्विक उद्योगपति निकेश अरोड़ा की बेटी आयशा अरोड़ा आज 28 फरवरी को अमेरिकी उद्योगपति जैक ह्यूजेस के साथ जोधपुर में विवाह बंधन में बंधेंगी. इस शाही शादी ने जोधपुर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा का केंद्र बना दिया है. भारतीय मूल के निकेश अरोड़ा साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र की बड़ी कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं. एयर फोर्स स्कूल और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के बाद वे 21 साल की उम्र में अमेरिका चले गए, जहां उन्होंने एमबीए और फाइनेंस में मास्टर्स किया. आज उनकी नेटवर्थ अरबों में है.
निकेश अरोड़ा का जन्म 9 फरवरी 1968 को गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में हुआ था. उनके पिता भारतीय वायुसेना में थे. उन्होंने दिल्ली के एयर फोर्स स्कूल से पढ़ाई की और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से बीटेक किया. 21 साल की उम्र में वो अमेरिका चले गए और वहां एमबीए और फाइनेंस में मास्टर्स किया. शुरुआत में उन्हें सैकड़ों जॉब रिजेक्शन मिले, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स में करियर शुरू किया. बाद में उन्होंने टी-मोशन कंपनी बनाई, जो टी-मोबाइल के साथ मर्ज हो गई. 2004 में गूगल जॉइन किया और वहां यूरोप, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका के प्रेसिडेंट, ग्लोबल सेल्स के हेड जैसे बड़े पद संभाले.
गूगल और Uber से है नाता
2013 में गूगल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्जीक्यूटिव बने, 57 मिलियन डॉलर का पैकेज था. फिर 2014 में सॉफ्टबैंक जॉइन किया जहां वाइस चेयरमैन और COO रहे, लेकिन 2016 में इस्तीफा दिया. 2018 से पालो अल्टो नेटवर्क्स के सीईओ हैं और कंपनी की वैल्यू 18 बिलियन से बढ़ाकर 118 बिलियन डॉलर कर दी. वो उबर के नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं और कई बड़ी कंपनियों के बोर्ड में रहे हैं. 2024 में अमेरिका के दूसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सीईओ बने, 151 मिलियन डॉलर का पैकेज मिला. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी नेट वर्थ अब करीब 1.3 बिलियन डॉलर यानी हजारों करोड़ रुपये है.
कहां हो रही है बेटी की शादी?
अब उनकी बेटी आयेशा की शादी चार दिनों की ग्रैंड सेरेमनी के रूप में होगी. ये शादी 28 फरवरी 2026 को जोधपुर के उमेद भवन पैलेस में हो रही है. इसी फेमस पैलेस में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी भी हुई थी. प्राइवेट फेस्टिविटीज 25 फरवरी से शुरू हुईं. पहले दिल्ली के द लोधी में इवेंट्स हुए, फिर जोधपुर में होली सेलिब्रेशन बाल समंद पैलेस में हुआ. संगीत मेहरानगढ़ फोर्ट में हुआ. पूलसाइड इवेंट और टेरेस डिनर भी शामिल हैं. मुख्य शादी उमेद भवन पैलेस में है.
शादी के लिए खास इंतजाम
इस शादी में बड़े-बड़े गेस्ट आने वाले हैं. अमेरिका के कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुतनिक और उनकी पत्नी एलिसन शामिल हैं. लुतनिक ने दिल्ली में भारत के कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल से मीटिंग की और फिर जोधपुर आए. पीयूष गोयल भी शादी में शामिल हो रहे हैं. ये शादी भारतीय रिच ट्रेडिशन और अमेरिकी स्टाइल का मिक्स रहने वाली है. निकेश अरोड़ा ने अपनी जड़ों को याद रखते हुए राजस्थान के जोधपुर को शादी के लिए चुना है. शाही अंदाज में हो रहे इस विवाह समारोह ने जोधपुर को एक बार फिर वैश्विक मानचित्र पर चमकता हुआ सितारा बना दिया है.
मेहमानों की सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए निजी सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने मिलकर कड़ी और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है. विवाह समारोह के तहत गुरुवार से जोधपुर में खास सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शुरुआत होगी. शहर के शाही और हेरिटेज माहौल के बीच ‘रॉयल होली’ उत्सव का आयोजन किया गया, जहां मेहमानों ने पारंपरिक राजस्थानी रंगों, संगीत और मेहमाननवाज़ी का भरपूर आनंद लिया.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.