मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में लेटेस्ट अपडेट आया है. महाराष्ट्र के पालघर जिले में टनल (माउंटेन टनल-6) का ब्रेकथ्रू हुआ है. यह सुरंग 454 मीटर लंबी और 14.4 मीटर चौड़ी है, जिसमें दोनों दिशाओं की ट्रैक (अप और डाउन) होंगे. यह ब्रेकथ्रू इसलिए खास है क्योंकि पालघर जिले में एक महीने के अंदर दूसरा टनल ब्रेकथ्रू हुआ है.
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट भारत का पहला बुलेट ट्रेन कॉरिडोर है, जिसकी कुल लंबाई 508 किलोमीटर है. इसमें महाराष्ट्र में 156 किमी और गुजरात में 352 किमी हिस्सा है. प्रोजेक्ट में कुल 27.4 किमी सुरंगें हैं, जिनमें 21 किमी अंडरग्राउंड और 6.4 किमी सरफेस टनल शामिल हैं.
महाराष्ट्र में 7 सुरंगें हैं, जो पहाड़ी पर बनी है. जिनकी कुल लंबाई करीब 6 किमी है. यह प्रोजेक्ट मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा को सिर्फ 1 घंटा 58 मिनट में पूरा कर देगा, जो अभी कई घंटे लगते हैं. इसके शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच व्यापार, पर्यटन और रोजगार बढ़ेगा. यह ट्रांसपोर्ट का साधन पर्यावरण के लिए भी बेहतर है, क्योंकि सड़क यात्रा की तुलना में CO2 उत्सर्जन 95% तक कम होगा.
एनएचएसआरसीएल (National High Speed Rail Corporation Limited) के अनुसार बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है. अब तक 334 किमी से ज्यादा वायाडक्ट पूरा हो चुका है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अगले साल बुलेट ट्रेन का पहला फेज तैयार हो जाएगा और ट्रेन दौड़नी शुरू हो जाएगी.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.