क्रेडिट कार्ड बंद करने से पहले यह समझना जरूरी है कि इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ सकता है. कार्ड बंद करने से कुल क्रेडिट लिमिट घट जाती है, जिससे क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो बढ़ सकता है और स्कोर पर दबाव आ सकता है.
1. बढ़ सकता है क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो
क्रेडिट स्कोर तय करने में सबसे अहम भूमिका आपके क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो (Credit Utilisation Ratio) की होती है यानी आपको जितनी कुल लिमिट मिली है, उसका कितना हिस्सा आप इस्तेमाल कर रहे हैं. मान लीजिए आपके पास दो कार्ड हैं और कुल लिमिट 5 लाख रुपये है. अगर आपका बकाया 1 लाख है, तो आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो 20% होगा. यह अच्छा माना जाता है. अब अगर आप 2 लाख लिमिट वाला एक कार्ड बंद कर दें, तो कुल लिमिट घटकर 3 लाख रह जाएगी. वही 1 लाख बकाया होने पर क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो 33% हो जाएगा यानी आपने खर्च नहीं बढ़ाया, फिर भी आपका रेशियो खराब दिखेगा. इससे स्कोर पर दबाव पड़ सकता है.
2. घट सकती है क्रेडिट हिस्ट्री की उम्र
पुराने अकाउंट आपकी प्रोफाइल को मजबूत बनाते हैं. अगर आप अपना सबसे पुराना कार्ड बंद कर देते हैं, तो आपकी औसत क्रेडिट हिस्ट्री कम हो सकती है. खासकर तब, जब आपकी कुल क्रेडिट हिस्ट्री बहुत लंबी नहीं है. अगर नया कार्ड बंद कर रहे हैं, तो असर आमतौर पर कम होता है.
3. बदल सकता है क्रेडिट मिक्स
क्रेडिट ब्यूरो यह भी देखता है कि आपके पास सिक्योर्ड (जैसे होम लोन) और अनसिक्योर्ड (जैसे क्रेडिट कार्ड) लोन का बैलेंस कैसा है. अगर आप अपना इकलौता क्रेडिट कार्ड बंद कर देते हैं, तो आपका प्रोफाइल थोड़ा असंतुलित हो सकता है.
कब बंद करना सही है?
- कार्ड पर ज्यादा सालाना फीस लग रही हो और फायदा कम मिल रहा हो.
- ज्यादा लिमिट होने से फालतू खर्च बढ़ता हो.
- आपके पास पहले से काफी लिमिट हो और उपयोग बहुत कम हो.
- इन हालात में कार्ड बंद करना गलत नहीं है.
नुकसान कम कैसे करें?
- पहले सारा बकाया चुकाएं.
- बैंक से लिखित पुष्टि लें कि कार्ड आपके अनुरोध पर बंद हुआ.
- कोशिश करें कि सबसे पुराना कार्ड बंद न करें.
- दूसरे कार्ड का बकाया कम रखें ताकि क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो सही रहे.
क्रेडिट कार्ड बंद करना हमेशा नुकसानदेह नहीं होता, लेकिन इसका असर आपके क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो और हिस्ट्री पर पड़ सकता है. साफ-सुथरा पर्स रखना अच्छी बात है, मगर फैसला लेने से पहले पूरा हिसाब जरूर लगा लें.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.