लोन का गारंटर बनना सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि बड़ी फाइनेंशियल जिम्मेदारी है. उधार लेने वाले की EMI में चूक होने पर आपका CIBIL स्कोर गिर सकता है और भविष्य में होम या कार लोन की एलिजिबिलिटी भी घट सकती है. इसलिए गारंटर बनने से पहले अपनी आर्थिक स्थिति और रिस्क को समझना जरूरी है.
क्रेडिट स्कोर एक 3 डिजिट की रेटिंग होती है.
किसी अपने की मदद के लिए अक्सर लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे लोन का गारंटर बन जाते हैं. भाई-बहन, दोस्त या करीबी रिश्तेदार कह देते हैं कि बस एक सिग्नेचर करना है, कुछ नहीं होगा. लेकिन बैंक और CIBIL इसे सिर्फ औपचारिकता नहीं मानते.
गारंटर पर आ सकती है जिम्मेदारी
भले ही EMI आप न चुका रहे हों, लेकिन अगर उधार लेने वाला व्यक्ति किस्त चुकाने में चूक करता है, तो उसकी जिम्मेदारी आप पर आ सकती है. बैंक की नजर में आप एक तरह से बैक-अप उधारकर्ता होते हैं. अगर लोन लेने वाला समय पर सभी EMI भरता रहे, तो आमतौर पर आपके CIBIL स्कोर पर कोई खास असर नहीं पड़ता. लेकिन जैसे ही भुगतान में देरी होती है या खाता अनियमित होता है, उसका असर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री में भी दिख सकता है, चाहे आपने खुद एक भी EMI मिस न की हो. यही बात ज्यादातर लोगों को पता नहीं होती.
किसी और की गलती से आपका CIBIL स्कोर गिर सकता है.
भविष्य में लोन लेने पर असर
इतना ही नहीं, अगर उधार लेने वाला समय पर भुगतान कर भी रहा हो, तब भी गारंटर बनने का असर भविष्य में लोन लेते वक्त दिख सकता है. जब आप होम लोन या कार लोन के लिए आवेदन करते हैं, तो बैंक आपकी सभी फाइनेंशियल जिम्मेदारियों को देखता है. कई बैंक गारंटी वाले लोन को संभावित बोझ मानते हैं. इससे आपको उम्मीद से कम लोन अमाउंट मंजूर हो सकता है. एक बार गारंटर बनने के बाद उससे बाहर निकलना भी आसान नहीं होता. जब तक पूरा लोन चुकता न हो जाए या बैंक आपको औपचारिक रूप से रिलीज न करे, तब तक आपकी जिम्मेदारी बनी रहती है.
गारंटर को खुद से यह सवाल पूछना चाहिए
इसलिए गारंटर बनने से पहले खुद से एक सवाल जरूर पूछें कि अगर कल उधार लेने वाला नौकरी खो दे और EMI न भर पाए, तो क्या आप बिना अपनी जिंदगी बिगाड़े उस EMI को संभाल सकते हैं? अगर जवाब ‘न’ है, तो फैसला सोच-समझकर लें. साथ ही, समय-समय पर अपनी CIBIL रिपोर्ट भी चेक करते रहें.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.