Credit Freeze: अगर किसी के हाथ आपका PAN या दूसरी पर्सनल जानकारी लग जाए, तो वह आपके नाम पर लोन ले सकता है और आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है. ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए आप क्रेडिट फ्रीज कर सकते हैं, जिससे बैंक आपकी क्रेडिट रिपोर्ट एक्सेस नहीं कर पाएंगे और नए लोन पर रोक लग जाएगी.
क्या होता है क्रेडिट फ्रीज?
क्रेडिट फ्रीज का मतलब है कि आप अपने क्रेडिट रिपोर्ट को अस्थायी रूप से लॉक कर देते हैं. जब तक यह लॉक रहता है, बैंक या कोई भी लोन देने वाली संस्था आपकी क्रेडिट रिपोर्ट नहीं देख सकती. चूंकि किसी भी नए लोन या क्रेडिट कार्ड से पहले बैंक आपकी रिपोर्ट चेक करते हैं, इसलिए फ्रीज होने पर कोई भी आपके नाम पर आसानी से लोन नहीं ले सकता. ध्यान रहे, आपके पहले से चल रहे लोन या क्रेडिट कार्ड पर इसका कोई असर नहीं पड़ता. आप उन्हें सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं. फ्रीज सिर्फ नए लोन को रोकता है.
यह कैसे मदद करता है?
मान लीजिए कोई आपके नाम से पर्सनल लोन के लिए आवेदन करता है. बैंक आपकी रिपोर्ट निकालने के लिए TransUnion CIBIL, Experian, Equifax या CRIF High Mark जैसी क्रेडिट ब्यूरो से जानकारी मांगेगा. अगर आपकी रिपोर्ट फ्रीज है, तो बैंक उसे एक्सेस नहीं कर पाएगा. ज्यादातर मामलों में आवेदन वहीं रुक जाएगा. एक छोटा सा कदम आपको बड़ी आर्थिक परेशानी से बचा सकता है.
कब करना चाहिए क्रेडिट फ्रीज़?
- अगर आपको लगता है कि आपकी निजी जानकारी लीक हो गई है.
- अगर आपको किसी अनजान लोन की पूछताछ का अलर्ट मिले.
- अगर आप फिशिंग या फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं.
- जब आप फिलहाल कोई नया लोन लेने की योजना नहीं बना रहे हों.
- कई लोग एहतियात के तौर पर भी अपना क्रेडिट फ्रीज कर देते हैं.
कैसे करें क्रेडिट फ्रीज?
आप अपने क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट पर लॉग इन करके लॉक या फ्रीज का ऑप्शन चुन सकते हैं. इसके लिए आईडेंटी वेरिफाई करना होगा. कुछ मामलों में छोटी फीस भी लग सकती है. जब आपको लोन या क्रेडिट कार्ड की जरूरत हो, तो आप अस्थायी रूप से फ्रीज हटाकर बैंक को रिपोर्ट चेक करने दे सकते हैं. काम पूरा होने के बाद दोबारा लॉक कर सकते हैं.
क्या इससे क्रेडिट स्कोर घटता है?
नहीं, क्रेडिट फ्रीज करने से आपका स्कोर कम नहीं होता. यह सिर्फ इस बात को कंट्रोल करता है कि आपकी क्रेडिट रिपोर्ट कौन देख सकता है. आज के समय में पहचान की चोरी आम होती जा रही है. ऐसे में क्रेडिट फ्रीज एक आसान लेकिन असरदार सुरक्षा उपाय है, जो आपको मानसिक और आर्थिक नुकसान से बचा सकता है.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.