बॉलीवुड निर्देशक राकेश रोशन ने पुणे जिले के लोहेगांव में अपनी 1.09 हेक्टेयर जमीन 15 करोड़ रुपये में बेच दी है. रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म सीआरई मैट्रिक्स के अनुसार, इस सौदे के लिए 1.05 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई गई है. साल 2025 रोशन परिवार के लिए प्रॉपर्टी निवेश और बिक्री के लिहाज से काफी सक्रिय रहा है.
मुंबई के अंधेरी में बढ़ाया कमर्शियल साम्राज्य साल 2025 रोशन परिवार के लिए केवल संपत्ति बेचने का नहीं, बल्कि बड़े निवेश का साल भी रहा है. नवंबर 2025 में रोशन परिवार ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में अपना कमर्शियल पोर्टफोलियो मजबूत किया. ऋतिक रोशन, उनके पिता राकेश रोशन की कंपनी ‘एचआरएक्स डिजीटेक एलएलपी’ (HRX Digitech LLP) और उनकी माता प्रमिला रोशन की कंपनी ‘फिल्मकुंज (बॉम्बे) प्राइवेट लिमिटेड’ ने मिलकर 28 करोड़ रुपये की लागत से 10 ऑफिस यूनिट्स खरीदी थीं. इसके अलावा, राकेश रोशन और उनकी पत्नी पिंकी रोशन ने व्यक्तिगत रूप से भी अंधेरी में 19.68 करोड़ रुपये की पांच कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स अपने नाम कीं.
लेन में ऋतिक की बहन भी सक्रिय
इस लेन-देन में ऋतिक की बहन सुनैना रोशन भी सक्रिय दिखीं. उन्होंने 24 नवंबर 2025 को अंधेरी ईस्ट में दो कमर्शियल यूनिट्स 6.42 करोड़ रुपये में खरीदीं. वहीं, ऋतिक रोशन ने अपने स्वामित्व वाली संपत्तियों से अच्छी खासी रेंटल इनकम भी सुनिश्चित की है. जनवरी 2025 में उन्होंने गोरेगांव स्थित अपने 2,727 वर्ग फुट के कमर्शियल स्पेस को 5.62 लाख रुपये प्रति माह के किराये पर दिया था. इसके साथ ही, पुणे के खराड़ी इलाके में उनके 9,209 वर्ग फुट के ऑफिस का रेंट एग्रीमेंट भी फरवरी 2025 में 6.08 लाख रुपये प्रति माह पर रिन्यू किया गया है.
मुंबई में पुरानी संपत्तियां बेची
पुरानी संपत्तियों की बिक्री से जुटाए करोड़ों खरीदारी के बीच रोशन परिवार ने मुंबई में अपनी कुछ पुरानी रिहायशी संपत्तियों को बेचने का भी फैसला किया. मई 2025 में ऋतिक और राकेश रोशन ने अंधेरी वेस्ट में अपने तीन अपार्टमेंट 6.75 करोड़ रुपये में बेचे थे. इनमें से एक 1,025 वर्ग फुट का फ्लैट ‘वीजायस निवास’ बिल्डिंग में था, जिसे सोनाली अजमेरा को 3.75 करोड़ रुपये में बेचा गया. वहीं, ‘राहेजा क्लासिक’ बिल्डिंग में स्थित 625 वर्ग फुट के एक अन्य अपार्टमेंट को 2.20 करोड़ रुपये में तीन अलग-अलग खरीदारों को बेचा गया. इन सौदों से साफ है कि रोशन परिवार अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो को रिहायशी (Residential) से कमर्शियल (Commercial) की ओर शिफ्ट कर रहा है.
राकेश रोशन ने दी यादगार फिल्में
फिल्म जगत में राकेश रोशन का कद राकेश रोशन केवल प्रॉपर्टी मार्केट के खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि भारतीय सिनेमा के बड़े स्तंभ हैं. उन्होंने ‘खून भरी मांग’ जैसी रिवेंज ड्रामा फिल्मों से लेकर ‘कोई मिल गया’ और ‘क्रिश’ सीरीज जैसी साइंस फिक्शन फिल्मों के जरिए बॉलीवुड को एक नई दिशा दी है. उनकी फिल्में न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफल रहती हैं, बल्कि तकनीकी रूप से भी काफी एडवांस मानी जाती हैं. वर्तमान में उनकी प्रॉपर्टी डील्स यह संकेत देती हैं कि फिल्म निर्माण के साथ-साथ वे अपने वेल्थ मैनेजमेंट पर भी पूरा ध्यान दे रहे हैं.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.