दुनिया में ट्रेनों की रफ्तार अब एक नए स्तर पर पहुंच चुकी है. सुपर हाई-स्पीड मैग्लेव ट्रेनें 600 से 700 किमी प्रति घंटे तक दौड़ सकती हैं. ये ट्रेनें पटरियों को छुए बिना चुंबकीय तकनीक से हवा में तैरती हैं. घर्षण खत्म होने से रफ्तार, स्थिरता और आराम तीनों बढ़ जाते हैं. इन्हें लंबी दूरी की यात्रा के लिए विमान का विकल्प माना जा रहा है. हालांकि, इसकी तकनीक जितनी उन्नत है, उतनी ही महंगी भी है.
मैग्लेव यानी मैग्नेटिक लेविटेशन ट्रेन ऐसी तकनीक पर काम करती है, जिसमें ट्रेन पटरियों को छुए बिना ऊपर तैरती है. यह 600 से 700 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार हासिल कर सकती है. पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में यह कहीं ज्यादा तेज और आधुनिक है.

इन ट्रेनों में शक्तिशाली सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट लगे होते हैं. इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सस्पेंशन (EMS) और इलेक्ट्रोडायनामिक सस्पेंशन (EDS) तकनीक ट्रेन को ट्रैक से कुछ इंच ऊपर उठा देती है. इससे पहियों और पटरियों के बीच घर्षण खत्म हो जाता है.

मैग्लेव ट्रेनें 600–700 किमी/घंटा तक की ऑपरेशनल स्पीड के लिए डिजाइन की गई हैं. 2025 में चीन में परीक्षण के दौरान एक मैग्लेव वाहन ने 700 किमी/घंटा की गति छुई. जापान की L0 सीरीज ने भी 600 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार का विश्व रिकॉर्ड बनाया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इनकी रफ्तार हवाई जहाज के बराबर मानी जाती है. खास बात यह है कि ये बहुत तेजी से टॉप स्पीड पकड़ लेती हैं. लंबी दूरी की यात्रा में यह विमान का एक शांत और सुविधाजनक विकल्प बन सकती है.

मैग्लेव ट्रेनों का अगला हिस्सा लंबा और नुकीला होता है. इसका डिजाइन किंगफिशर पक्षी से प्रेरित बताया जाता है. यह बनावट हवा के दबाव को कम करती है और तेज रफ्तार में भी स्थिरता बनाए रखती है.

क्योंकि ट्रेन पटरियों को छूती ही नहीं, इसलिए झटके और कंपन बहुत कम होते हैं. यात्रा के दौरान शोर भी बेहद कम रहता है. यात्रियों को एक शांत, आरामदायक और लगभग कंपन-रहित अनुभव मिलता है.

यू-आकार की गाइडवे ट्रेन को चारों ओर से घेरती है, जिससे पटरी से उतरने का खतरा लगभग न के बराबर हो जाता है. साथ ही, यह ट्रेनें पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में कम ऊर्जा खर्च करती हैं और सीधा प्रदूषण नहीं फैलातीं.

मैग्लेव तकनीक के लिए पूरी तरह नई और खास गाइडवे बनानी पड़ती है. मौजूदा रेलवे ट्रैक पर ये ट्रेनें नहीं चल सकतीं. इंफ्रास्ट्रक्चर लागत बहुत ज्यादा होती है, जो इसके विस्तार में सबसे बड़ी चुनौती है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.