Last Updated:
एफपीआई ने इस महीने 13 फरवरी तक शेयरों में 19,675 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इससे पहले तीन महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय इक्विटी की जोरदार बिकवाली की थी. पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में भी उन्होंने शेयर बेचे.
एफपीआई फरवरी के 11 कारोबारी दिनों में से सात में खरीदार रहे और चार में बिकवाल रहे.
नई दिल्ली. अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने फरवरी के पहले दो हफ्तों में भारतीय शेयर बाजार में 19,675 करोड़ रुपये लगाए हैं. डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक, यह निवेश लगातार तीन महीने की भारी बिकवाली के बाद आया है. एफपीआई ने जनवरी में भारतीय शेयर बाजार से 35,962 करोड़ रुपये, दिसंबर में 22,611 करोड़ रुपये और नवंबर में 3,765 करोड़ रुपये निकाले थे. कुल मिलाकर, 2025 में एफपीआई ने भारतीय शेयरों से शुद्ध रूप से 1.66 लाख करोड़ रुपये (18.9 अरब डॉलर) निकाले. यह एफपीआई के प्रवाह के हिसाब से सबसे खराब सालों में रहा है.
आंकड़ों के मुताबिक, एफपीआई ने इस महीने (13 फरवरी तक) शेयरों में 19,675 करोड़ रुपये का निवेश किया है. मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के प्रमुख हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि हाल की खरीदारी को वैश्विक चिंताओं में कमी और खासकर अमेरिका के नरम महंगाई आंकड़ों से समर्थन मिला है. इससे भारत समेत उभरते बाजारों में जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी है.
ट्रेड डील का असर
इसी तरह एंजेल वन के वरिष्ठ विश्लेषक वकारजावेद खान ने कहा कि यह निवेश अमेरिका-भारत व्यापार करार, 2026-27 के बजट और वैश्विक अनिश्चितताओं में कमी की वजह से देखने को मिला है. एफपीआई फरवरी के 11 कारोबारी दिनों में से सात में खरीदार रहे और चार में बिकवाल रहे. इसके बावजूद आंकड़ों से पता चलता है कि एफपीआई ने इस महीने शुद्ध रूप से 1,374 करोड़ रुपये की बिकवाली की है. इसकी वजह यह है कि 13 फरवरी को निफ्टी में 336 अंक की गिरावट के दौरान एफपीआई ने 7,395 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. इस हफ्ते ‘एंथ्रोपिक झटके’ की वजह से आईटी शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली.
1048 अंक टूटा था सेंसेक्स
पिछले हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए. कमजोर वैश्विक संकेतों और एआई के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित असर की चिंता से बाजार दबाव में रहा. इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,048 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 82,626.76 पर बंद हुआ. तो वहीं एनएसई निफ्टी 336 अंक यानी 1.30 प्रतिशत गिरकर 25,471.10 पर बंद हुआ.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.