निफ्टी टॉप गेनर्स में विप्रो, इंफोसिस, टाटा कंज्यूमर पीडीटीएस, श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा के शेयर्स शामिल हैं. इन सभी शेयर्स में फिलहाल 2 से 3 फीसदी तक की बढ़त देखी जा रही है. इसके अलावा निफ्टी टॉप लूजर्स में सिप्ला, HDFC Life, Eternal शामिल हैं, इनके शेयर्स 1-2 फीसदी के करीब गिर गए हैं. शेयर बाजार में अचानक से मूड क्यों बदल गया. इसके पीछे कुछ खास वजहें हैं.
1)Infosys की रैली से IT सेक्टर में जोश
Infosys के शेयरों में 5% से ज्यादा की तेजी आई, जो पिछले चार महीनों में सबसे बेहतर परफॉर्मेंस है. यह उछाल कंपनी के Q3 FY26 नतीजों के बाद देखने को मिला. आईटी दिग्गज ने अपने रेवेन्यू ग्रोथ आउटलुक को पहले के 2–3% से बढ़ाकर 3–3.5% कर दिया है. कंपनी ने बताया कि डिस्क्रेशनरी खर्च में स्थिरता और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में बेहतर मांग की वजह से कारोबार की रफ्तार मजबूत हुई है. Infosys के शेयरों में आई तेजी का असर पूरे IT सेक्टर पर दिखा. निफ्टी IT इंडेक्स के सभी 10 शेयर बढ़त के साथ ट्रेड करते दिखे. निफ्टी IT इंडेक्स करीब 3% चढ़कर 38,851.85 पर पहुंच गया और यह दिन का सबसे ज्यादा बढ़ने वाला सेक्टर रहा.
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, WealthMills Securities के इक्विटी स्ट्रैटेजी डायरेक्टर क्रांति बाथिनी के मुताबिक, Infosys के नतीजों और मैनेजमेंट की टिप्पणी से बाजार को मजबूती मिली है. IT कंपनियों के वैल्यूएशन अभी आकर्षक स्तर पर हैं, इसलिए सेक्टर में खरीदारी और शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल रही है. एनालिस्ट्स का कहना है कि Infosys मजबूत AI पार्टनरशिप और क्लाइंट्स के साथ गहरे रिश्तों की वजह से आगे चलकर मार्केट शेयर बढ़ाने की अच्छी स्थिति में है.
2) ग्लोबल संकेतों से भी सपोर्ट
घरेलू बाजारों को वैश्विक बाजारों से भी पॉजिटिव संकेत मिले. एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स बढ़त में रहा, जबकि अमेरिकी बाजार भी रातभर हरे निशान में बंद हुए, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ.
3) कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
कच्चे तेल के दाम घटने से भी बाजार को सहारा मिला. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.24% गिरकर 63.61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. तेल सस्ता होने से महंगाई का दबाव कम होता है और भारत का इंपोर्ट बिल घटता है, जो शेयर बाजार के लिए सकारात्मक माना जाता है. अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर चिंता कम होने और सप्लाई में रुकावट की आशंका घटने से गुरुवार को तेल करीब 4% तक फिसला.
4) भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीद
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा है कि इस प्रस्तावित समझौते का पहला चरण (First Tranche) लगभग तय होने की स्थिति में है. इसका मकसद भारतीय निर्यात पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ घटाना है. हालांकि, अभी कोई तय समयसीमा नहीं बताई गई है. दोनों देशों की टीमें लगातार बातचीत में जुटी हैं.
5) डर का इंडेक्स हुआ कमजोर
बाजार की अस्थिरता बताने वाला इंडेक्स इंडिया VIX 1.24% गिरकर 11.18 पर आ गया. VIX के नीचे आने का मतलब है कि निवेशकों में डर कम है, जिससे शेयरों में रिस्क लेने का माहौल बनता है.
6) बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी
बैंकिंग शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली. इसकी वजह 17 जनवरी को आने वाले दिसंबर तिमाही के नतीजे हैं. HDFC Bank, ICICI Bank, IDBI Bank और Yes Bank जैसे बड़े बैंकों के नतीजों से पहले निवेशक सक्रिय नजर आए, जिससे बैंकिंग शेयरों को सपोर्ट मिला.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.