Samastipur News: समस्तीपुर के लिए यह दोहरी खुशी का पल है. मैदान पर वैभव सूर्यवंशी के बल्ले की गूँज के बाद अब कमेंट्री बॉक्स से डॉ. निखिल आनंद गिरि की आवाज विश्व क्रिकेट में जिले का मान बढ़ाएगी. आकाशवाणी द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप के लिए आधिकारिक कमेंटेटर चुने गए डॉ. गिरि 1 मार्च को ईडन गार्डन में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर-8 मुकाबले का आंखों देखा हाल सुनाएंगे. जानिए उनका सफर.
डॉ.निखिल आनंद गिरि का चयन टी-20 विश्व कप के आधिकारिक कमेंटेटर के रूप में हुआ है.
हाल के दिनों में समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी छोटी उम्र में क्रिकेट जगत में बड़े कीर्तिमान स्थापित कर जिले का मान बढ़ाया है. अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सोनवर्षा चौक निवासी डॉ.निखिल आनंद गिरि का चयन आकाशवाणी (AIR) की ओर से टी-20 विश्व कप के आधिकारिक कमेंटेटर के रूप में हुआ है. यह पहली बार है जब समस्तीपुर का कोई युवा विश्व कप जैसे बड़े आयोजन में रेडियो पर करोड़ों श्रोताओं के बीच आंखों देखा हाल सुनाएगा.
डॉ.निखिल आगामी 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले सुपर-8 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में कमेंट्री करेंगे. आकाशवाणी द्वारा पिछले वर्ष आयोजित देशव्यापी ऑडिशन में निखिल ने अपने ज्ञान और वाकपटुता से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. जिसके बाद उन्हें क्रिकेट और कबड्डी के लिए पैनल में शामिल किया गया.
निखिल आनंद की सफलता अचानक नहीं आई है. जामिया मिलिया इस्लामिया से मास कम्युनिकेशन करने वाले निखिल एक मझे हुए वॉयस ओवर आर्टिस्ट हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो के उद्घाटन समारोह का सफल संचालन किया था. राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में भी उनकी आवाज पर्यटकों के बीच खासी लोकप्रिय रही है. वर्तमान में वे पटना के मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में नई पीढ़ी के पत्रकारों को तराश रहे हैं.
वैभव और निखिल ने बढ़ाया मान
समस्तीपुर के खेल प्रेमियों में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि अब उनके जिले का एक बेटा मैदान के अंदर खेल रहा है तो दूसरा कमेंट्री बॉक्स से खेल का विश्लेषण करेगा. इस उपलब्धि पर विधायक वीरेंद्र पासवान, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष नीलम साहनी सहित जिले के तमाम गणमान्य लोगों ने बधाई दी है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.