Last Updated:
Real Estate Announcement : रेडियो एफएम कंपनी बिग एफएम ने रियल एस्टेट सेक्टर में कदम रखा है. कंपनी ने बताया कि वह यूपी के बहराइच जिले में 300 करोड़ रुपये की जमीन का अधिग्रहण कर चुकी है और इस पर चरणबद्ध तरीके से कई प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा. कंपनी का लक्ष्य अगले तीन साल में 4 हजार करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का है.
बिग एफएम ने यूपी के बहराइच जिले में 80 एकड़ जमीन खरीदी है.
कंपनी के अनुसार, यह बड़े स्तर की मिश्रित उपयोग वाली टाउनशिप परियोजना होगी, जिसमें प्रीमियम प्लॉट विकास, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक और खुदरा क्षेत्र शामिल होंगे. परियोजना के पहले चरण के तहत 15 एकड़ में निर्माण कार्य शुरू हो गया है और इसके दो साल में पूरा होने की उम्मीद है. पूरी परियोजना तीन से चार साल में पूरी होने की संभावना है. कंपनी का जोर समय पर सभी प्रोजेक्ट को पूरा करने पर रहेगा.
तीन साल में 4 हजार करोड़ का लक्ष्य
कंपनी ने प्रमुख स्थानों पर विस्तार की योजना बनाई है और अगले तीन वर्षों में 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये के कुल राजस्व का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है. परियोजना की जानकारी देते हुए बिग एफएम रियल्टी के प्रवक्ता ने बताया कि बिग एफएम रियल्टी की शुरुआत हमारे विकास और बदलाव की यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय है. बहराइच अपनी रणनीतिक स्थिति और विकास संभावनाओं के कारण हमारे लिए एक बड़ा अवसर है और यह परियोजना हमारे व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है.
कौन है बिग एफएम का मालिक
साल 2025 में बिग एफएम का अधिग्रहण Sapphire Media Group ने कर लिया था. 2 साल पहले तक इस ग्रुप का ऑपरेशनल इनकम करीब 500 करोड़ रुपये था. कंपनी का फिलहाल कोई पब्लिक मार्केट कैप नहीं है, लेकिन कुछ पुराने आंकड़ों को खंगालें तो पता चलता है कि बिग एफएम करीब 1,000 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन वाली कंपनी है. हालांकि, अब इसने रियल एस्टेट सेक्टर में भी कदम रखा है तो आने वाले समय में इसका मार्केट कैप और बढ़ने का अनुमान है.
बहराइच को ही क्यों चुना
यूपी का बहराइच जिला रियल एस्टेट के लिहाज से अभी काफी पिछड़ा इलाका है. यह जिला यूपी के सबसे पिछले जिलों में भी आता है और यही कारण है कि वहां पर विकास की संभावनाएं काफी ज्यादा हैं. सरकार ने भी बहराइच को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना है और कई इन्फ्रा प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. पिछले महीने जारी बजट में यूपी सरकार ने लखनऊ-बहराइच के बीच 6 लेन हाईवे प्रोजेक्ट का भी ऐलान किया जो नेपाल तक जाएगा और इस पर 27 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.