8वें वेतन आयोग की प्रभावी तारीख क्या होगी?
कागजों में 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू माना जा रहा है. यानी इसी तारीख से नए वेतनमान लागू होने चाहिए थे. लेकिन असल प्रक्रिया इससे कहीं लंबी होती है. पहले आयोग का गठन, फिर उसकी रिपोर्ट तैयार होना और अंत में कैबिनेट से मंजूरी मिलना जरूरी होता है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार यह प्रक्रिया तय समय से पीछे चल रही है, जिससे लागू होने में देरी लगभग तय मानी जा रही है.
क्या कर्मचारियों को एरियर मिलेगा?
अभी तक के संकेत यही बताते हैं कि कर्मचारियों को एरियर मिलने की पूरी संभावना है. अगर नया वेतन जनवरी 2026 से लागू न होकर बाद में मिलता है, तो देरी की अवधि का भुगतान एरियर के रूप में किया जाता है. यानी जिस दिन से नया वेतन प्रभावी माना गया है और जिस दिन से वास्तविक भुगतान शुरू होगा, उस अंतर की राशि एकमुश्त दी जाती है. इससे कर्मचारियों को देरी का आंशिक राहत पैकेज मिल जाता है.
एरियर की गणना कैसे होगी?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एरियर की गणना 1 जनवरी 2026 से ही की जाएगी. भले ही नया वेतन कई महीने बाद लागू हो, लेकिन सरकार आमतौर पर प्रभावी तारीख से ही नया वेतन मानकर अंतर की राशि देती है. सरल शब्दों में कहें तो अगर नई सैलरी जुलाई या उससे बाद में शुरू होती है, तो जनवरी से उस तारीख तक का पैसा एरियर के रूप में कर्मचारियों को मिल सकता है.
देरी क्यों लगभग तय मानी जा रही है?
वेतन आयोगों का इतिहास देखें तो देरी कोई नई बात नहीं है. 7वां वेतन आयोग भी जनवरी 2016 से प्रभावी था, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी जून 2016 में मिली थी. उसके बाद एरियर का भुगतान चरणबद्ध तरीके से 2016–17 में हुआ. विशेषज्ञ मानते हैं कि 8वें वेतन आयोग में भी ऐसा ही पैटर्न देखने को मिल सकता है. यानी कागजों में तारीख कुछ भी हो, असल पैसे आने में वक्त लगना तय है.
सैलरी कितनी बढ़ सकती है?
सैलरी बढ़ोतरी पूरी तरह ‘फिटमेंट फैक्टर’ पर निर्भर करेगी. फिटमेंट फैक्टर वह गुणांक होता है, जिससे मौजूदा बेसिक पे को गुणा कर नई बेसिक सैलरी तय की जाती है. 7वें वेतन आयोग में यह फैक्टर 2.57 था. इस बार विशेषज्ञों का मानना है कि यह 1.83 से 2.46 के बीच रह सकता है. हालांकि कुछ जानकारों का कहना है कि अंतिम आंकड़ा 2.8 या उससे थोड़ा ज्यादा भी हो सकता है, जो कर्मचारियों के टेक-होम सैलरी को काफी प्रभावित करेगा.
आगे कर्मचारियों को क्या उम्मीद रखनी चाहिए?
जनवरी 2026 बीत जाने के बाद भी फिलहाल धैर्य रखना ही सबसे व्यावहारिक विकल्प है. माना जा रहा है कि नया वेतन और वास्तविक भुगतान वित्त वर्ष 2026–27 में शुरू हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो एरियर कर्मचारियों को बड़ी राहत दे सकता है. अब सब कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आती है और सरकार अंतिम मंजूरी कब देती है. तब तक उम्मीद और इंतजार ही कर्मचारियों का सबसे बड़ा सहारा है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.