AC Price Hike : एसी की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी होने वाली है, क्योंकि इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतें ग्लोबल मार्केट के साथ घरेलू बाजार में भी बढ़ी हैं. वोल्टास सहित जापानी कंपनी डाइकिन ने भी अपने प्रोडक्ट के दाम अप्रैल से बढ़ाने की आशंका जताई है. ऐसा होता है एसी बाजार में जल्द ही उथल-पुथल होने वाली है और ग्राहकों को आने वाले समय में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
इनपुट कॉस्ट बढ़ने की वजह से एसी के दाम जल्द बढ़ने वाले हैं.
डाइकिन इंडिया ने एक बयान में कहा कि अप्रैल 2026 से डाइकिन इंडिया कच्चे माल की लागत और आपूर्ति श्रृंखला के खर्च में लगातार बढ़ोतरी को कम करने के लिए अपनी सभी उत्पाद श्रृंखला में कीमतों में 7-12 फीसदी की वृद्धि करेगी. इस महीने की शुरुआत में, टाटा समूह की कंपनी वोल्टास ने कहा था कि उसे उम्मीद है कि इस साल तांबे की कीमतों में बढ़ोतरी और डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से रूम एयर-कंडीशनर की कीमतें 5-15 फीसदी तक बढ़ेंगी.
पिछले साल कम हुई थी बिक्री
साल 2025 रूम एयर-कंडीशनर उद्योग के लिए अच्छा नहीं था, क्योंकि बेमौसम बारिश और दूसरे कारणों से बिक्री पर असर पड़ा था. उद्योग ने उससे एक साल पहले वर्ष 2024 में बहुत अच्छी वृद्धि की थी, उस साल देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी पड़ी थी. विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल रूम एयर-कंडीशनर कारोबारियों के बीच कड़ा मुकाबला होगा, जहां विनिर्माता, बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए मुकाबला करेंगे.
देश में कितनी एसी की बिक्री
भारतीय रूम एयर-कंडीशनर बाजार लगभग 1.35 करोड़ यूनिट का होने का अनुमान है, जिसमें वोल्टास, एलजी, डाइकिन, ब्लूस्टार, पैनासोनिक और लॉयड जैसी कंपनियां मुकाबला करती हैं. जापान की बहुराष्ट्रीय कंपनी डाइकिन इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी डाइकिन इंडिया ने शुक्रवार को अपने 2026 के लिए उत्पादों की श्रृंखला की घोषणा की. हालांकि, कंपनी ने इसके साथ ही एसी की कीमतें बढ़ाने का भी ऐलान कर दिया है.
कंपनी ने 60 से ज्यादा मॉडल उतारे
डाइकिन इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक, कंवलजीत जावा ने कहा कि साल 2026 श्रृंखला में 60 से ज़्यादा मॉडल हैं, जो नवाचार की हमारी जापानी विरासत को सही मायने में दिखाते हैं, जिसे भारतीय ज़रूरतों के हिसाब से सोच-समझकर बनाया गया है. कंपनी ने इन सभी मॉडल की कीमतों में उछाल की आशंका जताई है, क्योंकि तांबे सहित अन्य कच्चे माल के भाव ग्लोबल मार्केट सहित घरेलू बाजार में भी बढ़ गए हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.