Adani Group Investment Plan : अडानी समूह ने ऐलान किया है कि वह भारत में 6 लाख करोड़ के निवेश योजना पर काम कर रहा है. इससे शेयर बाजार के निवेशकों के लिए एक बार फिर बड़ा पैसा कमाने का मौका है.
दावोस में चल रहे विश्व आर्थिक मंच पर अडानी समूह ने विमानन क्षेत्र, स्वच्छ ऊर्जा, शहरी अवसंरचना, डिजिटल मंचों और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की रूपरेखा पेश की है. इसका मतलब है कि इन सेक्टर से जुड़ी समूह की कंपनियों के स्टॉक आने वाले समय में बंपर मुनाफा दिला सकते हैं. समहू के इस ऐलान से भारत की वृद्धि प्राथमिकताओं के अनुरूप निजी पूंजी के बड़े पैमाने पर निवेश के नए चरण का संकेत मिलता है.
तीन राज्यों को सबसे ज्यादा लाभ
डब्ल्यूईएफ की 56वीं वार्षिक बैठक में अपनी योजनाएं प्रस्तुत करते हुए समूह ने बताया कि यह निवेश महाराष्ट्र, असम और झारखंड में किया जाएगा. यह अलग-अलग परिसंपत्तियों के निर्माण से हटकर एकीकृत, प्रौद्योगिकी आधारित अवसंरचना मंचों की ओर रणनीतिक बदलाव को दर्शाता है. समूह ने असम में गुवाहाटी के लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को केंद्र में रखते हुए विमानन एवं वैमानिकी परिवेश के विस्तार की जानकारी दी. इस हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2025 में किया था. इसका परिचालन अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है.
इन्फ्रा सेक्टर पर भी जोर
अडानी समूह की योजनाओं में आतिथ्य एवं खुदरा अवसंरचना, ‘लेवल-डी फुल-फ्लाइट सिमुलेटर’ के साथ विमानन प्रशिक्षण अकादमी और चौड़े व संकीर्ण विमानों के लिए रखरखाव, मरम्मत (एमआरओ) सुविधाएं शामिल हैं. इससे गुवाहाटी को पूर्वोत्तर के लिए क्षेत्रीय विमानन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा. समूह ने असम के कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ जिलों में बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की भी घोषणा की जिनसे 2,700 मेगावाट से अधिक सौर क्षमता जुड़ेगी.
सीमेंट सेक्टर पर बढ़ेगा फोकस
समूह ने सीमेंट विनिर्माण एवं ‘ग्राइंडिंग’ इकाइयों पर निवेश दोबारा बढ़ाने का ऐलान किया है, जिनका उद्देश्य पूर्वी तथा पूर्वोत्तर भारत में निर्माण आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना है. महाराष्ट्र में अडानी समूह के प्रस्तावित निवेश शहरी पुनर्विकास, डिजिटल अवसंरचना और अगली पीढ़ी की ऊर्जा प्रणालियों पर केंद्रित हैं. इनमें मुंबई की धारावी पुनर्विकास परियोजना, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जहां 25 दिसंबर को परिचालन शुरू हुआ) और इससे जुड़े लॉजिस्टिक्स, वाणिज्यिक एवं आतिथ्य परिवेश शामिल है.
About the Author
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.