माइक्रोसॉफ्ट के एआई चीफ मुस्तफा सुलेमान ने कहा कि जल्द ही एआई मॉडल तैयार करना इतना आसान हो जाएगा कि इसके लिए किसी विशेषज्ञ इंजीनियर की जरूरत नहीं होगी. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी की व्हाइट कॉलर जॉब्स के दिन लदने वाले हैं.
सुलेमान ने माइक्रोसॉफ्ट की व्यावसायिक रणनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत दिया.
सुलेमान का मानना है कि माइक्रोसॉफ्ट “प्रोफेशनल-ग्रेड एजीआई” (Professional-grade AGI) विकसित करने की अंतिम दहलीज पर है. यदि यह लक्ष्य हासिल हो जाता है तो कानून, वित्त और प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भारी बदलाव आएगा. विशेष रूप से वकील, अकाउंटेंट, प्रोजेक्ट मैनेजर और मार्केटिंग प्रोफेशनल्स का काम मशीनों द्वारा संभाला जा सकता है. ये एआई सिस्टम न केवल डेटा का विश्लेषण करेंगे, बल्कि जटिल कानूनी दस्तावेज तैयार करने और प्रोफेशनल स्ट्रैटजी बनाने में भी सक्षम होंगे.
दिखने शुरू हो गया असर
यह चेतावनी केवल कोरी कल्पना नहीं है, बल्कि इसके प्रभाव दिखने शुरू हो गए हैं. हाल ही में सेल्सफोर्स (Salesforce) जैसी दिग्गज क्लाउड कंपनी ने करीब 1,000 पदों पर कटौती की है ताकि वे एआई विकास पर अधिक निवेश कर सकें. सुलेमान का तर्क है कि कंपनियां अब ऐसे ‘डिजिटल वर्कर्स’ को प्राथमिकता दे रही हैं जो बिना थके 24 घंटे काम कर सकें. डेटा एनालिसिस और कस्टमर एंगेजमेंट जैसे कार्यों के लिए अब इंसानी कर्मचारियों की जरूरत कम होती जा रही है.
एआई मॉडल बनाना होगा ‘ब्लॉग लिखने’ जितना आसान
भविष्य की तकनीक के बारे में सुलेमान ने एक और दिलचस्प भविष्यवाणी की है. उन्होंने कहा कि जल्द ही एआई मॉडल तैयार करना इतना आसान हो जाएगा कि इसके लिए किसी विशेषज्ञ इंजीनियर की जरूरत नहीं होगी. यह प्रक्रिया एक पॉडकास्ट शुरू करने या ब्लॉग लिखने जितनी सरल होगी. इसका मतलब है कि छोटे संगठन और व्यक्ति अपनी विशिष्ट जरूरतों के हिसाब से अपने एआई एजेंट खुद डिजाइन कर सकेंगे, जिससे काम करने का तरीका पूरी तरह लोकतांत्रिक और स्वचालित हो जाएगा.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.