हालांकि, इस बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा है कि योजना में बदलाव भी हो सकता है. अमेजन के एक प्रवक्ता ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है. सूत्रों के अनुसार, इस बार की छंटनी का असर Amazon Web Services (AWS), रिटेल, प्राइम वीडियो और ह्यूमन रिसोर्सेज (People Experience and Technology) जैसे विभागों पर पड़ सकता है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि किन-किन टीमों और कितने कर्मचारियों पर इसका पूरा असर होगा.
अमेजन के CEO ने बताया क्यों नौकरी से निकाले जा रहे कर्मचारी?
अमेजन के CEO एंडी जैसी ने बाद में कंपनी की तीसरी तिमाही की अर्निंग कॉल में साफ किया कि यह छंटनी न तो पैसों की वजह से है और न ही सीधे तौर पर AI की वजह से. उनके मुताबिक, असली वजह है कंपनी की वर्क कल्चर. जैसी ने कहा कि कंपनी में जरूरत से ज्यादा नौकरशाही (bureaucracy) हो गई है. “समय के साथ लोगों की संख्या बढ़ गई और मैनेजमेंट की लेयर्स भी ज्यादा हो गईं,” उन्होंने कहा. हालांकि, जैसी पहले यह भी कह चुके हैं कि AI के इस्तेमाल से कामकाज ज्यादा कुशल होगा, जिसके चलते आने वाले समय में अमेजन के कॉर्पोरेट कर्मचारियों की संख्या धीरे-धीरे घट सकती है.
30 साल के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी
आजकल कई बड़ी कंपनियां AI से कोड लिखवाने और रूटीन काम ऑटोमेट करने वाले AI टूल्स अपना रही हैं, ताकि खर्च कम हो और लोगों पर निर्भरता घटे. अमेजन ने भी दिसंबर में हुई अपनी AWS कॉन्फ्रेंस में नए AI मॉडल्स को जोर-शोर से पेश किया था. अगर कुल 30,000 नौकरियों में कटौती होती है, तो यह अमेजन के 15.8 लाख कर्मचारियों का छोटा हिस्सा होगा, लेकिन कॉर्पोरेट वर्कफोर्स का करीब 10% होगा. अमेजन के ज्यादातर कर्मचारी वेयरहाउस और फुलफिलमेंट सेंटर्स में काम करते हैं.
यह अमेजन के 30 साल के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी होगी. इससे पहले 2022 में कंपनी ने करीब 27,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी. अक्टूबर में जिन कर्मचारियों को निकाला गया था, उन्हें बताया गया था कि वे 90 दिन तक पेरोल पर बने रहेंगे. इस दौरान वे कंपनी के अंदर दूसरी नौकरी के लिए आवेदन कर सकते थे या बाहर नई नौकरी ढूंढ सकते थे. यह 90 दिन की अवधि सोमवार को खत्म हो रही है.
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.