केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डीपफेक और बच्चों के लिए उम्र आधारित प्रतिबंध को लेकर बड़ी सख्त नीति के संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा कि डीपफेक तेजी से बढ़ती समस्या है और समाज व बच्चों की सुरक्षा के लिए मजबूत कानून जरूरी हैं. सरकार नेटफ्लिक्स, यूट्यूब, मेटा और एक्स जैसी कंपनियों से बातचीत कर रही है ताकि उम्र आधारित कंटेंट एक्सेस और डीपफेक रेगुलेशन पर सही रास्ता तय किया जा सके. साथ ही कंटेंट क्रिएटर्स को फेयर रेम्यूनरेशन देने पर भी सरकार का जोर है.
आईटी मंत्री ने कहा कि डीपफेक एक तेजी से बढ़ता खतरा है और इसके लिए मजबूत रेगुलेशन जरूरी है. उन्होंने कहा कि संसद में भी इस विषय पर चर्चा हुई है और सरकार चाहती है कि सभी पार्टियों में सहमति बनाकर सख्त प्रतिबंध लगाए जाएं ताकि समाज को नुकसान से बचाया जा सके.
बच्चों के लिए उम्र आधारित सोशल मीडिया नियम
वैष्णव ने बताया कि कई देशों ने सोशल मीडिया पर उम्र आधारित प्रतिबंध लागू कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि भारत में भी डीपीडीपी कानून के तहत उम्र आधारित कंटेंट एक्सेस की अवधारणा पहले ही लाई जा चुकी है. ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों ने बच्चों के लिए सख्त नियम और पैरेंटल कंसेंट सिस्टम लागू किया है. आर्थिक सर्वे में भी सुझाव दिया गया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उम्र सत्यापन जरूरी होना चाहिए और बच्चों को डिजिटल एडिक्शन से बचाने के लिए कंटेंट एक्सेस सीमित किया जाना चाहिए. आईटी मंत्री ने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनियों को जिस देश में वे काम कर रही हैं वहां की संस्कृति और कानून समझने होंगे. उन्होंने कहा कि जो चीज एक देश में सामान्य है, वह दूसरे देश में प्रतिबंधित हो सकती है.
कंटेंट क्रिएटर्स को फेयर कमाई का मुद्दा
वैष्णव ने कहा कि सरकार चाहती है कि कंटेंट क्रिएटर्स, खासकर न्यूज मीडिया को उनके कंटेंट के लिए फेयर रेम्यूनरेशन मिले. उन्होंने बताया कि सरकार बिग टेक कंपनियों से बातचीत कर रही है ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल होने वाले कंटेंट से मिलने वाली कमाई का सही हिस्सा मीडिया और क्रिएटर्स को मिले. उन्होंने कहा कि सरकार की नीति यही है कि पारंपरिक मीडिया की मेहनत से बनने वाले कंटेंट से होने वाली कमाई का उचित वितरण होना चाहिए और इस पर लगातार संवाद चल रहा है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.