Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 आज यानी 1 फरवरी (रविवार) को पेश होगा. आमतौर पर रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन इस बार बजट के कारण बीएसई और एनएसई दोनों खुले रहेंगे.
यह कोई पहली बार नहीं है जब छुट्टी वाले दिन शेयर बाजार खुला रहेगा, पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि जब 1 फरवरी को बजट पेश हुआ है और उस दिन छुट्टी रहा है, तब भी शेयर बाजार में ट्रेडिंग कराई गई है.
सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करेंगी. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने सर्कुलर में कहा है कि केंद्रीय बजट पेश होने के चलते, सदस्यों से अनुरोध है कि वे ध्यान दें कि एक्सचेंज 1 फरवरी 2026 को मानक बाजार समय (सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक) के अनुसार लाइव ट्रेडिंग सेशन आयोजित करेगा. चूंकि यह सेटलमेंट हॉलिडे है, इसलिए 30 जनवरी को खरीदे गए शेयर 1 फरवरी को बेचे नहीं जा सकेंगे. इसी तरह, बजट वाले दिन खरीदे गए शेयर अगले दिन बेचना संभव नहीं होगा.
9वीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
निर्मला सीतारमण लगातार 9वीं बार केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं. यह किसी भी वित्त मंत्री के लिए सबसे लंबे लगातार कार्यकालों में से एक है. यह 2024 में एनडीए सरकार के तीसरी बार सत्ता में आने के बाद दूसरा पूर्ण बजट भी होगा.
एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, निवेशकों का ध्यान सरकार के कर्ज, फिस्कल डेफिसिट और अगले साल की उधारी योजना पर रहेगा. विश्लेषकों का मानना है कि उधारी में साल-दर-साल करीब 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे वित्त वर्ष 2026-27 में फिस्कल डेफिसिट जीडीपी के लगभग 4.1 से 4.2 फीसदी के आसपास रह सकता है.
29 जनवरी को पेश हुआ था इकोनॉमिक सर्वे
बजट से जुड़े सभी दस्तावेज आर्थिक मामलों का विभाग तैयार करता है. इनमें सरकार के खर्च, आमदनी और आने वाले वित्त वर्ष के लिए नई योजनाओं का पूरा ब्योरा होता है. इससे पहले 29 जनवरी को इकोनॉमिक सर्वे 2025-26 संसद में पेश किया गया था. इसके बाद मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेस को इसकी जानकारी दी थी.
About the Author

प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत करने के बाद पिछले 8 सालों से News18Hindi में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं. लगभग 4 सालों से बिजनेस न्यूज टीम का हिस्सा हैं. मीडिया में करीब डेढ़ दशक का अनुभव रखते हैं. बिजन…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.