आम बजट 2026-27 पेश होने में अब दो हफ्तों से भी कम का समय बचा है. अर्थशास्त्रियों और नौकरीपेशा वर्ग को उम्मीद है कि वित्त मंत्री इस बार नई टैक्स रिजीम को और आकर्षक बनाएंगे. इसमें आयकर छूट की सीमा बढ़ाने के साथ-साथ गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य बीमा जैसी नई स्कीमों का ऐलान हो सकता है.
अर्थशास्त्री अवनीश तिवारी के मुताबिक, इस बार सरकार का पूरा जोर नई टैक्स रिजीम (New Tax Regime) पर हो सकता है. सरकार अधिक करदाताओं को इस सिस्टम की ओर आकर्षित करने के लिए एचआरए (HRA), इंश्योरेंस और होम लोन पर मिलने वाली छूट को नई रिजीम के दायरे में ला सकती है. इससे उन लोगों को आईटीआर भरने की प्रेरणा मिलेगी जो अब तक टैक्स दायरे से बाहर थे.
आयकर सीमा में बड़ी बढ़ोतरी?
निजी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की मांग है कि नई टैक्स रिजीम के तहत आयकर छूट की सीमा को वर्तमान 12 लाख रुपए से बढ़ाकर 15 लाख रुपए कर देना चाहिए. इससे महंगाई के इस दौर में आम आदमी की बचत में इजाफा होगा.
जॉब सिक्योरिटी और एचआरए
नौकरीपेशा वर्ग ने सरकार से ‘जॉब सिक्योरिटी इंश्योरेंस’ शुरू करने का सुझाव दिया है. इसके तहत यदि किसी व्यक्ति की अचानक नौकरी चली जाती है, तो सरकार उसे एक निश्चित समय तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए. साथ ही, बढ़ते किराए को देखते हुए हाउस रेंट अलाउंस (HRA) की सीमा बढ़ाने की भी मांग की गई है.
गिग वर्कर्स के लिए स्वास्थ्य बीमा
फूड डिलीवरी और कैब एग्रीगेटर्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर काम करने वाले लाखों गिग वर्कर्स के लिए कम कीमत वाली स्वास्थ्य बीमा योजना की उम्मीद जताई जा रही है. इससे इस बड़े कार्यबल को सस्ती और बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी.
पेट्रोल-डीजल और जीएसटी
आम आदमी की एक बड़ी मांग पेट्रोल और डीजल की कीमतों को कम करने की है. लोगों का सुझाव है कि ईंधन को जीएसटी के दायरे में लाया जाना चाहिए, जिससे कीमतों में स्थिरता आए और परिवहन सस्ता हो सके. कुल मिलाकर, इस बजट से आम आदमी को उम्मीद है कि सरकार ऐसी नीतियां लाएगी जिससे जीवनयापन की लागत (Cost of Living) कम हो और निवेश के नए अवसर पैदा हों. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि सरकार राजकोषीय घाटे को नियंत्रित रखते हुए इन मांगों को कैसे पूरा करती है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.