भारतीय फार्मा दिग्गज डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज के लिए बुधवार का दिन बड़ी खबरों वाला रहा. एक तरफ कंपनी को ब्लॉकबस्टर दवा ‘ओजेंपिक’ का जेनेरिक वर्जन बनाने की मंजूरी मिल गई है, तो दूसरी तरफ तीसरी तिमाही के नतीजों में कंपनी के भारतीय कारोबार ने 19 प्रतिशत की जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की है. हालांकि, अमेरिकी बाजार में सुस्ती के चलते कंपनी का शुद्ध लाभ 14 प्रतिशत फिसल गया है.
डॉ. रेड्डीज के ब्रांडेड मार्केट्स के सीईओ एम.वी. रमना ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनके पास डायबिटीज के लिए जेनेरिक ओजेंपिक की मंजूरी है, जबकि मोटापे वाली दवा ‘वेगोवी’ के लिए वे अभी भी हरी झंडी का इंतजार कर रहे हैं. कंपनी ने लॉन्च के पहले ही साल में 1.2 करोड़ इंजेक्शन पेन बेचने का लक्ष्य रखा है. ओजेंपिक का पेटेंट मार्च 2026 में खत्म हो रहा है, जिसके बाद भारतीय बाजार में इसकी सस्ती उपलब्धता बढ़ जाएगी.
भारत में चमक, अमेरिका में सुस्ती
दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में डॉ. रेड्डीज का एकीकृत शुद्ध लाभ 14.4% गिरकर 1,210 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह 1,413 करोड़ रुपये था. मुनाफे में इस गिरावट का मुख्य कारण अमेरिकी बाजार में कैंसर की दवा ‘लेनालिडोमाइड’ की कम बिक्री और वहां दवाओं की कीमतों में आई भारी गिरावट (Price Erosion) है. इसके चलते उत्तरी अमेरिका से होने वाला राजस्व 12% घटकर 2,964 करोड़ रुपये रह गया.
राजस्व में बढ़ोतरी और घरेलू बाजार का दम
मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी का कुल राजस्व 4.4% बढ़कर 8,727 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. विशेष रूप से भारतीय बाजार में कंपनी ने 19% की शानदार ग्रोथ दिखाई है और यहाँ से 1,603 करोड़ रुपये की कमाई की है. कंपनी के को-चेयरमैन और एमडी जीवी प्रसाद ने कहा कि ब्रांडेड बिजनेस की मजबूती और विदेशी मुद्रा के अनुकूल बदलावों ने अमेरिकी सुस्ती के प्रभाव को कम करने में मदद की.
ग्लोबल तैयारी और भविष्य
डॉ. रेड्डीज जल्द ही सेमाग्लूटाइड को कनाडा और अन्य उभरते बाजारों में भी लॉन्च करने की तैयारी में है. एम.वी. रमना के अनुसार, कंपनी के पास मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त उत्पादन क्षमता है. कंपनी का फोकस अब अपने बेस बिजनेस को मजबूत करने और नई दवाओं के पाइपलाइन को तेजी से आगे बढ़ाने पर है.
(एजेंसी के इनपुट के साथ)
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.