Special Account for Government Employee : केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए खास सैलरी अकाउंट की पेशकश की है. इस खाते में बैंकिंग सुविधाओं के साथ बीमा, लोन और कार्ड की सुविधा भी मिल जाएगी. यह जीरो बैलेंस वाला अकाउंट होगा.
वित्त विभाग ने बताया कि इस उत्पाद के तीन मुख्य भाग हैं. बैंकिंग, बीमा और कार्ड, जो इसे केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए एक ही स्थान पर मिलने वाला वित्तीय समाधान बनाता है. आधिकारिक बयान में कहा गया है कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए ‘संयुक्त वेतन खाता पैकेज’ शुरू करने की सलाह देकर उनकी वित्तीय भलाई और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
एसबीआई ने की इसकी पहल
वेतन खाता पैकेज को बुधवार को वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम नागराजू ने पेश किया. इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन, सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रबंध निदेशक और सीईओ, तथा डीएफएस के सभी वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. वित्त विभाग ने बताया कि इन पैकेजों को बैंकों के साथ परामर्श के बाद सावधानीपूर्वक तैयार किया गया है, ताकि सभी कैडरों (ग्रुप ए, बी और सी) के कर्मचारियों के लिए अधिकतम कवरेज, एकरूपता और सुविधा सुनिश्चित की जा सके.
इस खाते से क्या फायदा
इसकी मुख्य विशेषताओं में 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, दो करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा, बेहतर सुविधाओं के साथ न्यूनतम शून्य-शेष राशि वाला वेतन खाता यानी जीरो बैलेंस अकाउंट. इसके अलावा आवास, शिक्षा, वाहन एवं व्यक्तिगत आवश्यकताओं के लिए रियायती ब्याज दर पर कर्ज जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं. कर्मचारी इस खाते को खुलवाते हैं तो उन्हें इसी में अपनी सैलरी भी मंगानी होगी. इसके बाद मौजूदा सैलरी अकाउंट को चाहें तो सामान्य बचत खाते में बदलवा सकते हैं.
डेबिट कार्ड से भी कई फायदे
इस अकाउंट के डेबिट कार्ड से भी कई तरह के फायदे मिलते हैं. इसमें एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, रिवार्ड, कैशबैक ऑफर और असीमित लेनदेन व शून्य रखरखाव शुल्क शामिल है. इसका मतलब है कि कार्ड पर कोई भी सालाना मेंटेनेंस शुल्क नहीं देना होगा. वित्त मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त वेतन खाता पैकेज में बीमा, मेडिकल कवर और बेहतर बैंकिंग सुविधाओं को जोड़कर यह योजना कर्मचारियों को आसान पहुंच, वित्तीय सुरक्षा और मानसिक शांति देती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.