DDA Karmayogi Housing Yojana 2025: डीडीए की कर्मयोगी आवास योजना 2025 की बुकिंग शुरू होते ही पहले 24 घंटों में ही लगभग 60% फ्लैट बुक हो गए. ये फ्लैट नरेला में हैं और सरकारी कर्मचारियों के लिए 25% छूट के साथ उपलब्ध हैं.
डीडीए के मुताबिक, पहले दिन कुल 684 फ्लैट्स की बिक्री हुई, जिससे करीब 450 करोड़ रुपये के रेवेन्यू की उम्मीद जताई जा रही है. इस योजना के तहत सबसे ज्यादा मांग 1 बीएचके फ्लैट्स की रही, जो लगभग पूरी तरह बिक चुके हैं. वहीं 2 बीएचके फ्लैट्स की बिक्री से सबसे ज्यादा रेवेन्यू आया है, जबकि 3 बीएचके फ्लैट्स में वरिष्ठ अधिकारियों और बड़े परिवारों ने खास रुचि दिखाई है. इससे साफ है कि यह योजना हर वर्ग के सरकारी कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है.
उभरता हुआ रिहायशी हब बना नरेला
इस योजना की सफलता का बड़ा कारण नरेला सब-सिटी का तेजी से विकास माना जा रहा है. इलाके में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सुनियोजित इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की योजनाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं. जीटी करनाल रोड, अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) से बेहतर कनेक्टिविटी और प्रस्तावित रिठाला–नरेला–कुंडली मेट्रो कॉरिडोर ने नरेला को एक उभरता हुआ रिहायशी हब बना दिया है. इसके अलावा, हाल ही में नरेला में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) और दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी के नए परिसरों के लिए जमीन का ट्रांसफर भी किया गया है, जिससे इलाके की शैक्षणिक और सामाजिक अहमियत और बढ़ गई है.
क्या है डीडीए की कर्मयोगी आवास योजना
डीडीए कर्मयोगी आवास योजना केंद्र और राज्य सरकार के सेवारत और रिटायर्ड कर्मचारी, पीएसयू, बैंक और दूसरी सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है. योजना के तहत सभी श्रेणियों के फ्लैट्स पर 25 फीसदी की छूट दी जा रही है. खास बात यह है कि आवेदक को पहले से कोई अन्य संपत्ति रखने की भी अनुमति है. फ्लैट्स का आवंटन फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व के आधार पर किया जा रहा है और पूरी बुकिंग प्रक्रिया ऑनलाइन है. यह योजना 31 मार्च 2026 तक खुली रहेगी, लेकिन पहले दिन की भारी बिक्री के बाद अब सीमित फ्लैट्स ही बचे हैं.
About the Author

आज तक से टीवी पत्रकारिता शुरू करने वाली प्रियंका कांडपाल को अब तक तकरीबन 11 साल का अनुभव है. तकरीबन चार साल आज तक में रिपोर्टिंग के साथ एंकरिंग भी कर चुकी हैं. उसके बाद इंडिया टीवी में पांच साल तक काम किया. 201…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.