मध्य पूर्व में जारी तनाव और बदले हुए हवाई रास्तों के बीच एयर इंडिया को बड़ी राहत मिली है. विमानन नियामक ने कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर पायलटों के ड्यूटी समय में अस्थायी बढ़ोतरी की अनुमति दे दी है. इस मंजूरी के तहत फ्लाइंग टाइम और फ्लाइट ड्यूटी लिमिटेशन दोनों में विस्तार दिया गया है. हालांकि इसके बदले एयरलाइन को पायलटों और क्रू को अतिरिक्त आराम देना होगा.
एयर इंडिया ने 1 मार्च को ही उड़ान नियमों में ढील की मांग की थी.
मंजूरी के तहत कुछ क्रू के लिए उड़ान समय को 10 घंटे से बढ़ाकर 11 घंटे 30 मिनट कर दिया गया है. इसके साथ ही फ्लाइट ड्यूटी पीरियड को भी बढ़ाया गया है. पहले जहां यह सीमा 13 घंटे तक थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 14 घंटे 45 मिनट तक करने की अनुमति दी गई है. इसका मतलब है कि पायलट और क्रू जरूरत पड़ने पर पहले से ज्यादा समय तक ड्यूटी कर सकेंगे.
ड्यूटी पीरियड में भी अतिरिक्त छूट
नियामक ने एयरलाइन को फ्लाइंग ड्यूटी में करीब 1 घंटा 30 मिनट तक अतिरिक्त समय देने की अनुमति दी है. इसके अलावा फ्लाइट ड्यूटी पीरियड में 1 घंटा 45 मिनट तक का विस्तार भी मंजूर किया गया है. हालांकि यह छूट पूरी तरह बिना शर्त नहीं है. इसके बदले एयरलाइन को उड़ान संचालित करने वाले क्रू को अतिरिक्त आराम देना अनिवार्य होगा.
क्रू को मिलेगा अतिरिक्त आराम
नई व्यवस्था के तहत एयरलाइन को पायलट और क्रू को 4 घंटे का अतिरिक्त विस्तारित आराम देना होगा. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लंबे समय तक ड्यूटी के बावजूद क्रू की सुरक्षा और कार्य क्षमता प्रभावित न हो. सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया ने यह छूट इसलिए मांगी थी क्योंकि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण कई उड़ानों को रास्ता बदलना पड़ रहा है. इससे उड़ान का कुल समय बढ़ गया है. हालात को देखते हुए नियामक ने सीमित अवधि और चुनिंदा रूट्स के लिए यह अस्थायी अनुमति दी है, ताकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बिना बाधा जारी रह सके.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.