दुबई अपनी लग्जरी और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए हमेशा चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार उसने कुछ ऐसा सोचा है जो कल्पना से परे है. इथरा दुबई ने ‘दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट’ के तहत दुनिया की पहली ऐसी सड़क बनाने का एलान किया है जिसमें सोने के तत्वों का इस्तेमाल होगा. यह सड़क सिर्फ यातायात का जरिया नहीं, बल्कि एक ऐसा ग्लोबल लैंडमार्क होगी जिसे देखने के लिए दुनिया भर से लोग खिंचे चले आएंगे.
यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दुबई के ऐतिहासिक डेरा (Deira) इलाके में स्थित होगा, जो पहले से ही अपने पारंपरिक गोल्ड सूक (Gold Souk) के लिए प्रसिद्ध है. ‘दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट’ को एक एकीकृत इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सोने और आभूषणों से जुड़ी पूरी वैल्यू चेन—रिटेल, बुलियन, थोक व्यापार और निवेश, एक ही छत के नीचे होगी. अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के डिजाइन और निर्माण की विस्तृत जानकारी चरणों में साझा की जाएगी, लेकिन इसकी घोषणा ने वैश्विक स्तर पर निवेशकों और पर्यटकों में भारी उत्सुकता पैदा कर दी है.
1,000 से ज्यादा रिटेलर्स और दिग्गज ब्रांड्स की मौजूदगी
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में 1,000 से अधिक रिटेलर्स होंगे, जो सोने के साथ-साथ इत्र, सौंदर्य प्रसाधन और लक्जरी लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स की पेशकश करेंगे. इस नए हब में भारत के दिग्गज ज्वेलरी ब्रांड्स जैसे तनिष्क (Tanishq), मालाबार गोल्ड (Malabar Gold) और जॉय अलुक्कास (Joyalukkas) ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. जॉय अलुक्कास ने यहां मिडिल ईस्ट का सबसे बड़ा फ्लैगशिप स्टोर (24,000 वर्ग फुट) बनाने की योजना साझा की है. इसके अलावा, विदेशी खरीदारों और व्यापारियों की सुविधा के लिए इस डिस्ट्रिक्ट में छह आलीशान होटल भी बनाए गए हैं.
| फीचर | विवरण |
| मुख्य आकर्षण | दुनिया की पहली ‘गोल्ड एलिमेंट्स’ वाली सड़क |
| डेवलपर | इथरा दुबई (Ithra Dubai) |
| लोकेशन | डेरा, गोल्ड सूक के पास |
| भारतीय भागीदारी | तनिष्क, मालाबार गोल्ड, जॉय अलुक्कास |
| मुख्य उद्देश्य | गोल्ड टूरिज्म और ट्रेड को 200% बढ़ाना |
क्यों खास है यह गोल्ड स्ट्रीट?
दुबई को ‘सिटी ऑफ गोल्ड’ कहा जाता है और यह प्रोजेक्ट उसी विरासत को आधुनिक रूप देने की कोशिश है. साल 2024-25 में यूएई ने लगभग 53.41 बिलियन डॉलर मूल्य के सोने का निर्यात किया, जिससे यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फिजिकल गोल्ड ट्रेडिंग गंतव्य बन गया है. डीएफआरई (DFRE) के सीईओ अहमद अल खाजा के अनुसार, सोना दुबई की संस्कृति और व्यापार का अभिन्न हिस्सा है. यह गोल्ड स्ट्रीट न केवल दुबई की समृद्धि का प्रतीक बनेगी, बल्कि सतत विकास और रचनात्मकता के नए युग की शुरुआत भी करेगी.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.