जर्मनी ने सोमवार को भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए अपने एयरपोर्ट्स पर वीजा-फ्री ट्रांजिट की सुविधा देने का ऐलान किया. यह फैसला जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के भारत दौरे के बाद संयुक्त बयान में बताया गया.
हालांकि, उन्हें एयरपोर्ट के अंदर ही रहना होगा और बिना वीजा के किसी जर्मन शहर में नहीं जा सकते. संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चांसलर मर्ज को इस घोषणा के लिए धन्यवाद दिया और इसे लोगों के बीच रिश्ते मजबूत करने वाला कदम बताया. नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज हमने उच्च शिक्षा पर जो व्यापक रोडमैप तैयार किया है, वह हमारी साझेदारी को नई दिशा देगा. मैं जर्मन यूनिवर्सिटीज को भारत में अपने कैंपस खोलने के लिए आमंत्रित करता हूं. मैं चांसलर मर्ज का भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-फ्री ट्रांजिट की घोषणा करने पर आभार व्यक्त करता हूं.”
क्या होती है वीजा फ्री ट्रांजिट
वीजा फ्री ट्रांजिट का मतलब होता है कि किसी देश से दूसरे देश जाते समय अगर आपकी फ्लाइट किसी तीसरे देश में थोड़ी देर के लिए रुकती है, तो उस देश में रुकने के लिए आपको अलग से वीजा लेने की जरूरत नहीं पड़ती. मान लीजिए आप भारत से यूरोप जा रहे हैं और आपकी फ्लाइट दुबई में 4 से 8 घंटे के लिए रुकती है. अगर दुबई वीजा फ्री ट्रांजिट की सुविधा देता है, तो आप एयरपोर्ट पर या तय समय तक शहर में बिना वीजा के रुक सकते हैं. इसके लिए आपको फुल टूरिस्ट वीजा लेने की जरूरत नहीं होती. यह सुविधा सिर्फ सीमित समय के लिए होती है. हर देश अपने नियम तय करता है कि कितने घंटे तक बिना वीजा रुकने की अनुमति है और क्या आप एयरपोर्ट से बाहर जा सकते हैं या नहीं.
रणनीतिक साझेदारी के 25 साल
मर्ज का दौरा भारत-जर्मनी के राजनयिक संबंधों के 75 साल और रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने के मौके पर हो रहा है. दौरे के पहले दिन दोनों नेताओं ने शिक्षा समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और रूस-यूक्रेन संघर्ष व गाजा की स्थिति जैसे वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की. मर्ज का यह दौरा दोनों देशों के बीच चल रही उच्च स्तरीय राजनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने और भारत-जर्मनी की साझा सोच को मजबूत करने की उम्मीद है, जिससे दोनों देशों और पूरी दुनिया को फायदा होगा.
भाषा के इनपुट के साथ
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.