सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 में भारत की खुदरा मुद्रास्फीति 2.75% दर्ज की गई है. यह डेटा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकार ने अब उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के लिए आधार वर्ष को बदलकर 2024=100 कर दिया है, जिससे महंगाई मापने का तरीका अधिक सटीक हो गया है.
पुराने बेस ईयर के मुकाबले नए बेस ईयर में महंगाई की गणना अधिक व्यापक हो गई है. दिसंबर की पुरानी सीरीज में महंगाई दर 1.33% थी, जबकि नई सीरीज में यह अंतर साफ दिखाई दे रहा है. हालांकि, अभी ‘बैक सीरीज’ (पुराने वर्षों के डेटा का नए आधार पर मिलान) उपलब्ध न होने के कारण फिलहाल केवल महीने-दर-महीने के आधार पर ही तुलना की जा सकती है. यह बदलाव वित्तीय संस्थानों और नीति निर्माताओं को अधिक सटीक डेटा प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है.
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महंगाई का अंतर
मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महंगाई का रुख लगभग एक जैसा और स्थिर बना हुआ है. ग्रामीण भारत में महंगाई दर 2.73% दर्ज की गई है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह मामूली रूप से अधिक यानी 2.77% रही. यह दर्शाता है कि कीमतों में बढ़ोतरी का असर पूरे देश में संतुलित है और किसी एक विशेष क्षेत्र पर अत्यधिक दबाव नहीं है.
खाने-पीने की चीजों और घरों के दाम
खाद्य मुद्रास्फीति (Food Inflation) की बात करें तो जनवरी में उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (CFPI) 2.13% रहा. यहाँ ग्रामीण इलाकों में खाने के दाम 1.96% की दर से बढ़े, जबकि शहरों में यह आंकड़ा 2.44% रहा. वहीं, हाउसिंग इन्फ्लेशन (आवास मुद्रास्फीति) 2.05% दर्ज की गई है. इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में घरों की कीमतों में 2.39% और शहरों में 1.92% की वृद्धि देखी गई है.
क्यों बदला गया बेस ईयर?
MoSPI ने केवल CPI ही नहीं, बल्कि जीडीपी (GDP) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के आधार वर्ष को भी अपडेट करने का फैसला लिया है. जीडीपी और IIP के लिए नया आधार वर्ष 2022-23 प्रस्तावित किया गया है. इस पूरी प्रक्रिया को विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और आरबीआई (RBI) के सदस्यों वाली एक तकनीकी सलाहकार समिति द्वारा निर्देशित किया जा रहा है. इसका मकसद नई डेटा गणना में सुधार करना और आधुनिक समय की उपभोग आदतों को शामिल करना है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.