पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के बीच केंद्र सरकार ने भारत के निर्यात और आयात पर संभावित असर की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है. वाणिज्य मंत्रालय ने सभी संबंधित विभागों, लॉजिस्टिक्स पार्टनर्स और वित्तीय संस्थानों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर हालात का आकलन किया है. सरकार ने सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने के लिए इंटर मिनिस्ट्रीयल ग्रुप का गठन किया है और निर्यातकों के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके.
मंत्री ने कहा कि सरकार व्यापार संचालन को हर हाल में सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. निर्यात से जुड़े प्राधिकरणों में प्रक्रियात्मक लचीलापन दिया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की देरी न हो. कस्टम्स और पोर्ट प्राधिकरणों के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा, जिससे क्लीयरेंस प्रक्रिया में रुकावट न आए. इसके अलावा निर्यातकों के हितों की सुरक्षा के लिए बैंकों और बीमा कंपनियों के साथ सक्रिय संवाद बनाए रखा जाएगा. पश्चिम एशिया भारत के लिए ऊर्जा और व्यापार दोनों लिहाज से अहम क्षेत्र है, ऐसे में वहां की अस्थिरता का असर भारतीय व्यापार पर पड़ना स्वाभाविक है.
इंटर मिनिस्ट्रीयल ग्रुप का गठन
सरकार ने सप्लाई चेन को मजबूत बनाए रखने के लिए इंटर मिनिस्ट्रीयल ग्रुप फॉर सप्लाई चेन रेजिलिएंस का गठन किया है. इस समूह में वित्तीय सेवा विभाग, विदेश मंत्रालय, पोत परिवहन मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और Central Board of Indirect Taxes and Customs के प्रतिनिधि शामिल होंगे. यह समूह अलग अलग विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में निर्यात और आयात गतिविधियां बाधित न हों.
निर्यातकों के लिए हेल्पलाइन जारी
सरकार ने व्यापार से जुड़े लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है. किसी भी समस्या के समाधान के लिए एडीजी1 डीजीएफटी गव इन पर ईमेल किया जा सकता है. इसके अलावा डीजीएफटी हेल्पडेस्क नंबर 1800 572 1550 और 1800 111 550 पर संपर्क किया जा सकता है. मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार व्यापारियों और निर्यातकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार का लक्ष्य एक स्थिर, संवेदनशील और उत्तरदायी व्यापारिक माहौल सुनिश्चित करना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बावजूद भारत का व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.