भारतीय सेना (Indian Army) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच बीमा समझौते का नवीनीकरण किया गया है. इसके तहत जवानों को एक करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा. अग्निवीर भी इस सुरक्षा दायरे में शामिल किए गए हैं जिससे सेना परिवारों को बड़ी राहत मिली है. नए समझौते के अनुसार आतंकवादी हमले में शहादत पर अतिरिक्त कवर दिया जाएगा. एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस और बच्चों की शिक्षा तथा बेटियों के विवाह के लिए विशेष कवर भी शामिल है. यह साझेदारी सैनिकों की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.
भारतीय सेना और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच हुए नए नवीनीकृत समझौते से अब सैनिकों और उनके परिवारों को पहले से ज्यादा व्यापक बीमा सुरक्षा मिलेगी. इस फैसले को जवानों के कल्याण और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है.
एक करोड़ का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर
नवीनीकृत समझौते के तहत भारतीय सेना के सभी सेवारत सैन्यकर्मियों को 1 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा. इस दायरे में अग्निवीर भी शामिल हैं जिससे नई भर्ती योजना के तहत सेवा दे रहे जवानों को भी समान सुरक्षा मिलेगी. यह कवर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में परिवार को बड़ी आर्थिक राहत देगा.
आतंकवादी हमले में अतिरिक्त सुरक्षा
समझौते में यह प्रावधान भी किया गया है कि यदि किसी सैन्यकर्मी की मृत्यु आतंकवादी हमले में होती है तो उनके परिवार को दस लाख रुपये का अतिरिक्त बीमा कवर मिलेगा. इसे सेना के जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने की व्यवस्था के रूप में देखा जा रहा है.
एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस से बढ़ी सुरक्षा
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा सैन्यकर्मियों को 1 करोड़ 50 लाख रुपये का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर भी उपलब्ध कराया जा रहा है. हवाई यात्रा के दौरान किसी भी दुर्घटना की स्थिति में यह अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करेगा.
बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह के लिए विशेष कवर
समझौते में सैनिकों के परिवारों की सामाजिक जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है. बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का कवर दिया जाएगा. वहीं सैनिकों की बेटियों के विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक का विशेष बीमा कवर भी शामिल किया गया है.
महिलाओं के लिए स्पेशल सेविंग स्कीम
महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए बैंक की स्पेशल वूमेन पावर सेविंग स्कीम भी इस व्यवस्था का हिस्सा है. निर्धारित मासिक औसत बैलेंस रखने पर महिलाओं को बीस लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा.
समझौता 2029 तक प्रभावी
भारतीय सेना (Indian Army) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच यह नवीनीकृत समझौता अगले तीन वर्षों तक लागू रहेगा और जनवरी 2029 तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों को बैंकिंग सेवाओं के साथ बीमा सुरक्षा भी मिलती रहेगी.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.