इन्फोसिस (Infosys) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में मुनाफे में गिरावट दर्ज की है. कंपनी का शुद्ध लाभ घटकर 6654 करोड रुपये रहा है. हालांकि राजस्व में मजबूत बढ़त बनी हुई है जिससे ग्रोथ स्टोरी बरकरार दिख रही है. कंपनी ने एंटरप्राइज एआई और इन्फोसिस टोपाज (Infosys Topaz) को आगे की ग्रोथ का इंजन बताया है. सीईओ सलिल पारेख (Salil Parekh) के मुताबिक एआई डील्स से मार्केट शेयर बढ़ रहा है और क्लाइंट्स कंपनी को अपना एआई पार्टनर मान रहे हैं.
इन्फोसिस (Infosys) का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ तीसरी तिमाही में 6654 करोड़ रुपये रहा है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 6806 करोड़ रुपये था. इस तरह सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई है.
राजस्व में मजबूत बढ़त
कंपनी का ऑपरेशंस से राजस्व 45479 करोड़ रुपये रहा है. पिछले साल की समान तिमाही में यह 41764 करोड़ रुपये था. इस तरह सालाना आधार पर राजस्व में करीब 9 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है.
तिमाही आधार पर मुनाफा दबाव में
पिछली तिमाही की तुलना में भी इन्फोसिस का मुनाफा करीब 10 प्रतिशत तक घटा है. हालांकि इसी अवधि में राजस्व में हल्की बढ़त दर्ज की गई है. यह संकेत देता है कि लागत दबाव और मार्जिन चुनौतियां अभी बनी हुई हैं.
एआई और टोपाज बना ग्रोथ इंजन
इन्फोसिस के सीईओ सलिल पारेख (Salil Parekh) ने कहा कि कंपनी की एंटरप्राइज एआई पेशकश और इन्फोसिस टोपाज (Infosys Topaz) प्लेटफॉर्म मजबूत डील्स दिला रहे हैं. क्लाइंट्स अब इन्फोसिस को अपना एआई पार्टनर मान रहे हैं. इससे मार्केट शेयर बढ़ाने में मदद मिल रही है.
एआई युग के लिए कर्मचारियों पर फोकस
कंपनी ने कहा कि वह अपने कर्मचारियों को नए स्किल्स से लैस करने पर लगातार काम कर रही है. एआई आधारित दुनिया में डिलीवरी और इनोवेशन क्षमता बढ़ाना कंपनी की प्राथमिकता है. यही रणनीति आगे की ग्रोथ को सपोर्ट करेगी.
शेयर बाजार की हल्की प्रतिक्रिया
नतीजों के दिन इन्फोसिस (Infosys) का शेयर बीएसई पर हल्की तेजी के साथ बंद हुआ. नतीजे बाजार बंद होने के बाद घोषित किए गए जिससे अगले सत्र में निवेशकों की प्रतिक्रिया अहम रहने वाली है. इन्फोसिस के शेयर एनएसई पर 0.62 फीसदी की बढ़त के साथ 1608.90 रुपये पर बंद हुए.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.