Mahindra Pick up : महिंद्रा ने इंडोनेशिया को 35 हजार स्कॉर्पियो पिकअप की डिलीवरी का ऑर्डर लिया है. कंपनी ने कहा है कि इसका इस्तेमाल इंडोनेशिया के किसानों से सामान की आपूर्ति में किया जाएगा.
महिंद्रा इंडोनेशिया को 35 हजार स्कॉर्पियो डिलीवर करेगी.
कंपनी ने यह भी कहा कि यह नया ऑर्डर कंपनी के वित्त वर्ष 2025 में हासिल किए गए कुल निर्यात वॉल्यूम से भी ज्यादा हैं. इस साझेदारी के तहत, महिंद्रा और एग्रीनास पंगन नुसंतारा मिलकर कोपेरासी को ये वाहन उपलब्ध कराएंगे, ताकि किसानों से सीधे बाजार तक ताजा आपूर्ति का सुचारू और प्रभावी प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके, जिससे उत्पादक और उपभोक्ता के बीच की दूरी कम होगी.
कंपनी का बढ़ेगा निर्यात
एमएंडएम लिमिटेड ने कहा कि इस सहयोग का उद्देश्य ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाना और गांवों को आर्थिक विकास के स्वतंत्र केंद्र के रूप में सक्षम बनाना है. महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि इस साझेदारी के लिए तय किया गया वॉल्यूम हमारे अंतरराष्ट्रीय कारोबार को काफी बढ़ावा देगा, जो हमारे वित्तवर्ष 2025 के कुल निर्यात वॉल्यूम के बराबर है. कंपनी ने कहा कि ये वाहन कोपेरासी इकोसिस्टम को मजबूत करेंगे, क्योंकि ये फर्स्ट-माइल एग्रीगेशन यानी खेतों से सहकारी समितियों तक उत्पाद पहुंचाने और गांव के भीतर सामान के कुशल परिवहन में मदद करेंगे.
इंडोनेसिया के किसानों की लाइफलाइन बनेंगी कार
गोल्लागुंटा ने कहा कि कोपेरासी के हिस्से के रूप में स्कॉर्पियो पिक-अप्स को तैनात कर कंपनी एक मजबूत और भरोसेमंद लॉजिस्टिक्स नेटवर्क तैयार कर रही है, जो किसानों को बाजार से बेहतर तरीके से जोड़ता है. कंपनी ने बताया कि नासिक प्लांट में बने स्कॉर्पियो पिक-अप्स वाहनों को कोपेरासी की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है, ताकि वे ग्रामीण सड़कों से लेकर खेतों के रास्तों तक आसानी से चल सकें. ये वाहन इंडोनेशिया के किसानों की लाइफलाइन बन सकते हैं.
कितनी होगी महिंद्रा स्कॉर्पियो पिकअप की कीमत
महिंद्रा ने अभी तक स्कॉर्पियो पिकअप की कीमत नहीं बताई है, लेकिन अनुमान है कि इसकी शुरुआती एक्स शो-रूम कीमत 16 लाख रुपये होगी और 22 लाख रुपये तक जाएगी. इस तरह, कंपनी अगर 35 हजार पिकअप की डिलीवरी करती है तो उसे करोड़ों रुपये का फायदा होगा. माना जा रहा है कि किसी एक कंपनी की ओर से एकसाथ इतने वाहनों का ऑर्डर मिलना एक रिकॉर्ड है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.