मेटा प्लेटफॉर्म्स ने एआई चिप निर्माता एएमडी के साथ बड़ा समझौता किया है, जिसके तहत कंपनी डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी की चिप खरीदेगी. इस डील के तहत मेटा को एएमडी में 10 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने का विकल्प भी मिलेगा, जिससे दोनों कंपनियों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत हो सकती है.
इस खबर के सामने आते ही शेयर बाजार में एएमडी के शेयरों में जोरदार उछाल देखने को मिला, जिससे साफ संकेत मिलता है कि निवेशक इस डील को एआई सेक्टर के लिए बड़ा गेम चेंजर मान रहे हैं. मेटा अपने डेटा केंद्रों के लिए एएमडी की नई एआई चिप एमआई450 (MI450) खरीदेगी. इस चिप की पहली खेप 2026 की दूसरी छमाही में आने की उम्मीद है. मेटा इस हार्डवेयर के जरिए अपने एआई मॉडल और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को और ज्यादा पावरफुल बनाना चाहती है.
100 अरब डॉलर से ज्यादा का संभावित सौदा
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पूरा समझौता 100 अरब डॉलर से अधिक का हो सकता है. इसमें बड़े पैमाने पर चिप सप्लाई और लॉन्ग टर्म पार्टनरशिप शामिल है. मेटा एआई में एनवीडिया पर निर्भरता कम करना चाहती है और एएमडी को एक मजबूत विकल्प के रूप में आगे बढ़ा रही है.
मेटा को मिलेंगे 16 करोड़ शेयरों के वॉरंट
समझौते के तहत एएमडी ने मेटा को 16 करोड़ शेयरों का वॉरंट जारी किया है. इन शेयरों की कीमत प्रति शेयर 0.01 डॉलर रखी गई है. ये शेयर मेटा को कुछ निश्चित टार्गेट पूरे होने पर मिलेंगे. जैसे ही 1 गीगावाट की पहली खेप मिलेगी, शेयरों का पहला हिस्सा जारी होगा और खरीद 6 गीगावाट तक पहुंचने पर बाकी शेयर भी जारी किए जाएंगे.
एएमडी के शेयरों में जोरदार उछाल
इस बड़ी डील की खबर के बाद मंगलवार को बाजार खुलने से पहले एएमडी के शेयरों में 9 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल देखा गया. निवेशकों को उम्मीद है कि मेटा के साथ यह साझेदारी एएमडी के एआई बिजनेस को नई ऊंचाई पर ले जा सकती है.
एनवीडिया के बाद अब एएमडी पर बड़ा दांव
यह सौदा मेटा द्वारा एनवीडिया (Nvidia) के साथ की गई लॉन्ग टर्म पार्टनरशिप के कुछ ही दिन बाद हुआ है. मेटा पहले ही एनवीडिया से लाखों एआई चिप और डेटा सेंटर उपकरण खरीदने की घोषणा कर चुकी है. अब एएमडी इस सेगमेंट में एनवीडिया को टक्कर देने की कोशिश कर रही है.
About the Author

जय ठाकुर 2018 से खबरों की दुनिया से जुड़े हुए हैं. 2022 से News18Hindi में सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं और बिजनेस टीम का हिस्सा हैं. बिजनेस, विशेषकर शेयर बाजार से जुड़ी खबरों में रुचि है. इसके अलावा दे…और पढ़ें
Discover more from Business News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.